

Highlights:
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचेंगे नितिन नवीन
‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में होंगे शामिल
योगी आदित्यनाथ के साथ युवाओं से संवाद
पूर्वांचल की राजनीति को लेकर अहम माना जा रहा दौरा
Nitin Nabin Meet Yogi Adityanath Gorakhpur: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पर भाजपा का विशेष फोकस दिखाई दे रहा है।
चार नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गोरखपुर दौरा इसी लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला गोरखपुर दौरा होगा। इसे महज एक संगठनात्मक कार्यक्रम के बजाय 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
दरअसल, गोरखपुर केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद नहीं है, बल्कि पूर्वांचल की राजनीति में भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां से निकलने वाला राजनीतिक संदेश आसपास के जिलों तक प्रभाव डालता है।
ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला दौरा गोरखपुर से होना संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों दृष्टियों से अहम है। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए अपने कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने के साथ ही आगामी चुनाव के लिए माहौल तैयार करने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
चार नवंबर को सुबह करीब 11:00 बजे नितिन नवीन महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां से वह भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा में शामिल होंगे। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से जिला परिषद गेट, कचहरी चौराहा और गोलघर होते हुए काली मंदिर पहुंचेगी। यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके बाद बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय अध्यक्ष युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है, क्योंकि 2027 विधान सभा के चुनाव में युवा मतदाताओं की भूमिका अहम रहने वाली है।
युवाओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करना और उनकी अपेक्षाओं को समझना किसी भी राजनीतिक दल के लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करने का संदेश दे सकती है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बनाती है। एक ही मंच पर केंद्रीय संगठन और प्रदेश नेतृत्व की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की कोशिश होगी।
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र रहने वाला है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर और आसपास के जिलों में संगठन की सक्रियता चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा होगी। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरखपुर दौरा पार्टी की क्षेत्रीय रणनीति को समझने का अवसर भी माना जा सकता है।
भाजपा की जिला और महानगर इकाइयां कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गई हैं। लगातार बैठकें हो रही हैं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का चार नवंबर का गोरखपुर दौरा तीन स्तरों पर महत्वपूर्ण है, राष्ट्रीय नेतृत्व का पूर्वांचल में पहला संगठनात्मक संदेश, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और युवाओं के बीच राजनीतिक संवाद।
नितिन नवीन का यह दौरा महत्वपूर्ण इसलिए भी माना जा रहा है क्योकि इस दौरे से भाजपा 2027 के चुनाव के लिए अपने संगठन और राजनीतिक रणनीति को नई दिशा देगी राजनैतिक गलियारों मे ऐसी चर्चाएं हो रही है।
रिपोर्ट:- अनुराग मिश्रा