गोरखपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी, नाबालिग भाई पर शक; पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

Triple Murder Case: गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में पति, पत्नी और तीन वर्षीय बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के नाबालिग भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
Gorakhpur Triple Murder Shocks Uttar Pradesh: Three Family Members Found Dead
गोरखपुर हत्याकांड (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Gorakhpur Triple Murder Case: गोरखपुर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। बांसगांव थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पति, पत्नी और मासूम बेटे की लाश घर के भीतर मिलने से सनसनी फैल गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस वारदात को रोका जा सकता था? क्योंकि मृतक के पिता का आरोप है कि पहले भी विवाद की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद

गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के कमरे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयांश के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बांसगांव पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे घर को घेरकर साक्ष्य जुटाए गए और हत्या के कारणों की पड़ताल शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है।

नाबालिग छोटे भाई पर गहराया शक

पुलिस के अनुसार मृतक अमित गुप्ता के पिता द्वारा दी गई तहरीर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतक के नाबालिग छोटे भाई पर शक गहराया है। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

हालांकि इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता ने सीधे तौर पर गोरखपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। उनका कहना है कि परिवार में चल रहे विवादों की जानकारी पहले भी पुलिस को दी गई थी। यदि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया होता तो शायद आज तीन जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन इस तिहरे हत्याकांड ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या पुलिस की सतर्कता में कहीं चूक हुई? क्या पहले मिली शिकायतों पर कार्रवाई होती तो यह खौफनाक वारदात टाली जा सकती थी? इन सवालों के जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।

बलुआ गांव में हुई इस तिहरी हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक ही परिवार की तीन अर्थियां उठने के बाद अब हर किसी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है। क्या यह सिर्फ पारिवारिक विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है, इसका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com