जलभराव से जूझते गोरखपुर को मिली बड़ी राहत, सीएम योगी ने किया गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण

Gorakhpur Goddhoiya Nala: शहर की सीवरेज व्यवस्था मजबूत करने के लिए 794 करोड़ रुपये की नई परियोजना का शिलान्यास किया गया, जिसके तहत 342 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाकर 45 हजार घरों को कनेक्शन दिया जाएगा।
Gorakhpur Goddhoiya Nala
गोड़धोइया नाला परियोजना प्रथम चरण लोकार्पण(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 495 करोड़ रुपये से बदली 17 वार्डों की जल निकासी व्यवस्था

  • 794 करोड़ की नई सीवरेज परियोजना का भी शिलान्यास

  • मुख्यमंत्री बोले- अब गोरखपुर में सुरक्षा, स्वच्छता और विकास का माहौल

Goddhoiya Nala First Phase: कभी जलभराव और अव्यवस्थित जल निकासी के लिए पहचाने जाने वाले गोरखपुर के उत्तरी हिस्से को अब इससे राहत मिलने की उम्मीद जगी है। शहर की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 495 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गोड़धोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गोरखपुर की सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 794 करोड़ रुपये की नई परियोजना का शिलान्यास भी किया गया। इन दोनों परियोजनाओं के जरिए शहर की बड़ी आबादी को जलभराव, गंदगी और जल निकासी की समस्या से राहत पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

गोड़धोइया नाला लंबे समय से महानगर के उत्तरी क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। बारिश के मौसम में कई इलाकों में जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ाती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने नाले को आधुनिक आरसीसी संरचना के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की। पहले चरण में करीब 500 करोड़ रुपये खर्च कर 7.75 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कराया गया है। इसके साथ 17.5 किलोमीटर लंबी इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी क्षमता का मुख्य पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज एवं कल्वर्ट का निर्माण भी पूरा किया गया है। इस व्यवस्था से 17 वार्डों में जल निकासी के साथ सीवेज प्रबंधन को भी बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।

Gorakhpur Goddhoiya Nala
गोड़धोइया नाला परियोजना प्रथम चरण लोकार्पण(सोर्स: सोशल मीडिया)

45 हजार घरों को मिलेगा सीवर कनेक्शन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के 17 कैचमेंट एरिया में सीवरेज व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए करीब 794 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया। इसके तहत 342 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। लगभग 45 हजार घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा 27 एमएलडी और 37.5 एमएलडी क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इस पूरी योजना से लगभग ढाई से तीन लाख की आबादी को लाभ मिलने का अनुमान है।

Gorakhpur Goddhoiya Nala
गोड़धोइया नाला परियोजना प्रथम चरण लोकार्पण(सोर्स: सोशल मीडिया)
Gorakhpur Goddhoiya Nala
कानपुर में सड़कें बनीं तालाब, बाथटब को नाव बनाकर उतरे कांग्रेस नेता; नाला सफाई में घोटाले का आरोप- VIDEO

विकास के साथ रोजगार की संभावनाओं पर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में गोरखपुर में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब बाहर के लोग भी यहां नौकरी और रोजगार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'बाहर के लोग भी गोरखपुर में नौकरी एवं रोजगार के लिए आ रहे हैं, क्योंकि अब यहां सुरक्षा है, स्वच्छता है और विकास है।'

मुख्यमंत्री के संबोधन का संदेश शहर में बदलते बुनियादी ढांचे और निवेश के माहौल से भी जुड़ा रहा। बेहतर सड़क, जल निकासी, सीवरेज और स्वच्छता जैसी सुविधाएं किसी भी शहर की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में अहम भूमिका निभाती हैं।

गोड़धोइया नाला परियोजना का लोकार्पण केवल एक नाले के निर्माण का पूरा होना नहीं है, बल्कि गोरखपुर की शहरी समस्याओं के समाधान के लिए बुनियादी ढांचे में किए जा रहे बदलाव का हिस्सा है। अब इन परियोजनाओं की असली सफलता इस बात से तय होगी कि बारिश के मौसम में प्रभावित मोहल्लों को कितनी राहत मिलती है और सीवरेज व्यवस्था का लाभ कितनी प्रभावी तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचता है।

रिपोर्ट:- अनुराग मिश्रा

Gorakhpur Goddhoiya Nala
ग्रेटर नोएडा: नाला खुदाई के दौरान गिरा निर्माणाधीन दो मंजिला मकान और दुकान, टला बड़ा हादसा