

नोएडा : उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने 5 बदमाशों को धर दबोचा। इस दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पैर में गोली भी लगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन घायल बदमाशों सहित कुल 5 संदिग्धों को पकड़ा गया है। इन बदमाशों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और कई अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस ने गोली लगने से घायल हुए तीनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि नोएडा सेक्टर-142 थाना की पुलिस टीम सेक्टर-145 के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी पुलिस को हिंडन पुश्ता रोड किनारे दो संदिग्ध बदमाशों के खड़े होने की गुप्त सूचना मिली।
सूचना पाकर जौसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो दो संदिग्ध व्यक्ति ई-रिक्शा व मोटरसाइकिल के साथ पुश्ता के किनारे खड़ें नजर आए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो पुलिस को देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे। उन्होंने पुलिस पर गोली भी चला दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी। उसकी पहचान नोएडा फेज-2 थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी रोहित कुमार (25) के तौर पर की गई है।इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भाग रहे दूसरे संदिग्ध को पीछा करके पकड़ लिया। उसकी पहचान अनिल कुमार (22) के तौर पर की गई है। उनके पास से चोरी का एक ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नकद व एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
मुठभेड़ की दूसरी घटना नोएडा फेज-2 थाना क्षेत्र के याकूबपुर लाल बत्ती के पास हुई। यहां जब पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को जांच के लिए रुकने को कहा तो पुलिस कर्मियों को देखकर वे भागने लगे। इस दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर गोली भी चला दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसकी पहचान इरफान के तौर पर की गई है। दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी पहचान चेतन के तौर पर हुई है। इन आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
इसके अलावा एक बच्ची का अपहरण करने के आरोपी बबलू को सेक्टर 18 के पास एक छोटी-सी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। उस पर दो दिन पहले नोएडा सेक्टर-20 थाना के पास बीकानेर रेस्तरां के पास से बच्ची को अगवा करने का आरोप था। एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्र ने रविवार को बताया कि बच्ची को सेक्टर 18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास झाड़ियों से सकुशल बरामद कर लिया गया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)