मूंछ काटी-सिर मुंडवाया, चेहरे पर कीचड़ पोता, उधार वापस मांगने पर बरेली में दलित युवक के साथ दरिंदगी

Bareilly Dalit Youth Head Shaved: बरेली में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। उधार के पैसे वापस मांगने पर दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवक पप्पू दिवाकर को बेरहमी से पीटा।
Bareilly Caste Violence Dalit Man Faces Public Humiliated for Debt Head Shaved Police Act
घटना के बाद पहुंची पुलिस
Published on
Updated on

Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां उधार के पैसे वापस मांगना एक अनुसूचित जाति के युवक को भारी पड़ गया। दबंगों ने उसके साथ अमानवीय हरकत की। आरोप है कि दबंगों ने युवक की पिटाई की, फिर उसका सिर मुंडवा दिया, मूंछ और भौंह के बाल काट दिए और चेहरे पर कीचड़ लगा दी। पूरे मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला बहेड़ी तहसील क्षेत्र के गरसौली गांव निवासी पप्पू दिवाकर से जुड़ा है। पप्पू नवाबगंज थाना क्षेत्र के गेलटांडा गांव में चंद्रसेन के यहां रह रहा था। पीड़ित का कहना है कि कुछ समय पहले चंद्रसेन ने ट्रैक्टर खरीदने के लिए उससे करीब साढ़े चार लाख रुपये उधार लिए थे। काफी वक्त बीत जाने के बाद भी जब रुपये वापस नहीं मिले तो पप्पू ने अपना पैसा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

दबंगों ने युवक को दी धमकी

आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज होकर चंद्रसेन, उसका बेटा पप्पू और गोधनलाल अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर पप्पू दिवाकर के साथ मारपीट करने लगे। उसे जातिसूचक शब्द कहे गए और गांव वालों के सामने अपमानित किया गया। दबंगों ने जबरन उसका सिर मुंडवा दिया और कैंची से मूंछ व भौंह के बाल काट दिए। इसके बाद उसके चेहरे पर कीचड़ पोत दी गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना से डरे-सहमे पप्पू दिवाकर ने शनिवार को नवाबगंज थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चंद्रसेन, उसके बेटे पप्पू और गोधनलाल को नामजद करते हुए चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया

वहीं एसपी मुकेशचंद मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ गलत व्यवहार और मारपीट की लिखित शिकायत के आधार पर नवाबगंज थाने में एससी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो को साक्ष्य के रूप में विवेचना में शामिल किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com