

दिवाली की रात बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड पर जानलेवा हमला हुआ।
पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद के दौरान उनके सिर में गोली लगी।
मेरठ के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर सिर से गोली निकाल दी गई।
President Bodyguard Saurabh Tomar Health Update: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात बॉडीगार्ड सौरभ तोमर पर जानलेवा हमला किया गया। पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद के दौरान उनके सिर में गोली मार दी गई। 26 वर्षीय सौरभ को गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली निकाल दी गई।
शाम तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सौरभ तोमर बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर खड़ाना गांव के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2021 में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के रूप में भर्ती हुए थे और फिलहाल राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं। दिवाली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए वह छुट्टी लेकर गांव आए थे। उनकी उम्र 26 वर्ष है। उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनका नौ महीने का बच्चा भी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, रविवार 8 नवंबर की रात सौरभ अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान गांव के धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे। पटाखे चलाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया।
परिवार की शिकायत के अनुसार, इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली पहले पास की दीवार से टकराई और फिर सौरभ के कान के पीछे सिर में जा लगी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे विनीत और मिंटू के साथ भी मारपीट की गई और आरोपियों ने परिवार को धमकी दी।
घटना के बाद परिजन सौरभ को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया। परिजन उन्हें मेरठ के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली निकाल दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ऑपरेशन के बाद सौरभ की हालत स्थिर है। हालांकी, अस्पताल की ओर से कोई जानकारी जारी नहीं की गई है।
सौरभ के पिता जनकराज की शिकायत पर रमाला थाने में धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ASP प्रवीण कुमार चौहान और CO अंशु जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सौरभ के पिता ने परिवार की आरोपियों से पुरानी रंजिश होने का जानकारी दी है। अभी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।