

Ayodhya kanwar Yatra Traffic Diversion: अयोध्या में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
यह डायवर्जन 8 अगस्त 2026 से शुरू होकर अलग-अलग तिथियों पर चरणबद्ध तरीके से लागू रहेगा। इसमें मालवाहक भारी वाहनों, ट्रकों, डीसीएम और ट्रैक्टरों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि, इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है।
द्वितीय सोमवार व सावन शिवरात्रि: 10 और 11 अगस्त के अवसर पर डायवर्जन 8 अगस्त (शनिवार) सुबह 8:00 बजे से 12 अगस्त (बुधवार) सुबह 8:00 बजे तक लागू रहेगा।
मणिपर्वत मेला व तृतीया सोमवारी: 15 अगस्त को मणिपर्वत मेला और 17 अगस्त को तीसरे सोमवार व नागपंचमी के लिए डायवर्जन 14 अगस्त (शुक्रवार) सुबह 8:00 बजे से 17 अगस्त (सोमवार) रात 11:00 बजे तक रहेगा।
चतुर्थ सोमवार: 24 अगस्त को चौथे सोमवार के अवसर पर डायवर्जन 23 अगस्त (रविवार) सुबह 8:00 बजे से 24 अगस्त (सोमवार) रात 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
सावन पूर्णिमा व मेला समापन: 28 अगस्त को पूर्णिमा स्नान पर डायवर्जन 27 अगस्त (बृहस्पतिवार) सुबह 8:00 बजे से 28 अगस्त (शुक्रवार) रात 11:00 बजे तक रहेगा।
सुल्तानपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। वहीं रायबरेली से आने वाली गाड़ियों को हलियापुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की तरफ मोड़ा जाएगा।
आजमगढ़ और अंबेडकरनगर से आने वाली गाड़ियों को गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। इसके अलावा बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट और हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
गोरखपुर से आने वाले वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती से आने वाली गाड़ियों को कलवारी, टांडा, अकबरपुर और दोस्तपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा।
बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज (गोंडा) की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। गोंडा और नवाबगंज की तरफ से आने वाली गाड़ियों को लकड़मंडी से लोलपुर होते हुए बस्ती की ओर भेजा जाएगा।
बलरामपुर, बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाली गाड़ियों को टिकोरा मोड़, चहलरी घाट रोड से सिधौली (सीतापुर-लखनऊ मार्ग) पर मोड़ा जाएगा। इसके लिए बहराइच और सीतापुर पुलिस से समन्वय बनाया गया है।
कानपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों को उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज और चांद सराय से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर गोरखपुर की तरफ भेजा जाएगा। लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाली गाड़ियाँ मोहान, जुनाबगंज, मोहनलालगंज होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से निकलेंगी। सीतापुर और शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को दुबग्गा, आलमबाग, शहीद पथ और अहिमामऊ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।