

Allahabad Jhansi Graduate MLC Election 2026: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को झांसी और ललितपुर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। दोनों जिलों में मतदान प्रतिशत करीब 49 फीसदी रहा। मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी देखने को मिली, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदाताओं से संवाद कर उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
झांसी जिले में कुल 25,220 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 12,465 मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह जिले में कुल 49.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बुंदेलखंड महाविद्यालय में बने चार मतदेय स्थलों तथा आर्य कन्या इंटर कॉलेज के दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा अन्य बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारियों से मतदान की प्रगति की जानकारी ली और मतदाताओं से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से वोट डालने की अपील की। अधिकारियों ने पुलिस बल की तैनाती समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
ललितपुर जिले में कुल 11,330 मतदाताओं में से 5,565 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां अंतिम मतदान प्रतिशत 49.12 फीसदी रहा। जिले के सभी 13 निर्धारित मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने सुबह से ही मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी की। वहीं, सामान्य प्रेक्षक गुर्राला श्रीनिवासुलु ने भी विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
ललितपुर में सुबह 10 बजे तक 4.43 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 15.19 प्रतिशत और दोपहर दो बजे तक 30.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद मतदान प्रतिशत बढ़ते हुए अंतिम आंकड़े में 49.12 फीसदी तक पहुंच गया।
दोनों जिलों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने पर अधिकारियों ने मतदान कर्मियों, पुलिस बल और निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। झांसी के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर गौरांग राठी ने मतदाताओं का आभार जताया, वहीं ललितपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने निर्भीक होकर मतदान करने वाले मतदाताओं और चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी कर्मियों को धन्यवाद दिया।
Reported By: Akash Sahu