ताजगंज में फैली सनसनी: प्रेम विवाह के एक महीने बाद संदिग्ध हालात में पत्नी की मौत, पति फरहान ताला लगाकर फरार

Agra Murder Case: ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा में बंद मकान से उज्जमा नामक युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि उसका पति फरार है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Woman Found Dead Inside House Agra, Husband Farhan Missing; Police Launch Investigation
बंद मकान से युवती का शव बरामद (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Agra Tajganj Police Station Murder Case: आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित नगला पैमा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से लगे ताले को तोड़कर घर का दरवाजा खोला तो कमरे के फर्श पर एक युवती का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान उज्जमा के रूप में हुई है, जबकि उसका पति फरहान घर पर ताला लगाकर फरार बताया जा रहा है।

एक महीने पहले फरहान से हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार फरहान के परिजनों ने बताया कि उसकी पहली पत्नी से करीब ढाई वर्ष पहले तलाक हो चुका था और उससे उसके दो बच्चे हैं। करीब एक महीने पहले फरहान ने अपने पिता अकबर अली के मोबाइल पर संदेश भेजकर झांसी की एक युवती से प्रेम विवाह करने की जानकारी दी थी। इसके बाद से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हुआ।

रविवार दोपहर से मकान पर लगा था ताला

बताया गया कि फरहान ताजगंज के नगला पैमा में किराए के मकान में उज्जमा के साथ रह रहा था। रविवार दोपहर से मकान पर ताला लगा हुआ था। मंगलवार सुबह घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक मकान में हत्या की आशंका है। सूचना पर एसीपी, थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। जिस कमरे में शव मिला, उसके बाहर से ताला लगा हुआ था। प्रथम दृष्टया महिला का पति फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति की तलाश के साथ सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com