

भाई दूज पर बस अड्डों पर भारी भीड़
घंटों इंतजार के बाद भी बसें नहीं मिलीं
ईदगाह, आईएसबीटी पर लंबी कतारें
रोडवेज ने उतारीं 749 बसें
Waiting Bus Bhai dooj Festival : दीपोत्सव पर्व के पांचवें और अंतिम दिन भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का त्योहार मनाया गया। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करने के लिए घरों से निकलीं, लेकिन कई बहनों के लिए भाई तक पहुंचने का सफर ही परेशानी का सबब बन गया। रोडवेज बसों की पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बीच आगरा के प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
ईदगाह बस अड्डा, आईएसबीटी और बुद्ध विहार पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। इनमें महिलाओं और युवतियों की संख्या काफी अधिक रही। कोई अपने भाई के घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी तो कोई परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने की जद्दोजहद में जुटी थी।
बसों के इंतजार में यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। नवभारत से बातचीत में कई यात्रियों ने बताया कि वे पिछले एक-एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें गंतव्य तक जाने के लिए बस नहीं मिल पा रही है
खास बात यह रही कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से हर साल की तरह इस बार भी त्योहार पर अतिरिक्त बसों के संचालन और बेहतर यात्री सुविधाओं के दावे किए गए थे। इसके बावजूद बस अड्डों पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तांतपुर, जगनेर, जयपुर, धौलपुर और ग्वालियर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों को बसों के लिए सबसे अधिक मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं, नवभारत से विशेष बातचीत में क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि आगरा परिक्षेत्र की करीब 749 बसों को सड़कों पर उतारा गया है। परिक्षेत्र के कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। अधिकारी और निरीक्षक भी फील्ड में रहकर बसों के संचालन और व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
भाई दूज पर हर साल उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ एक बार फिर परिवहन व्यवस्था की तैयारियों की परीक्षा लेती नजर आई। रोडवेज के दावों और बस अड्डों पर यात्रियों की परेशानी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही रहा कि त्योहार पर घर पहुंचने की उम्मीद लेकर निकली बहनों को आखिर बसों के इंतजार में घंटों क्यों खड़ा रहना पड़ा।