

Highlights:
यूपी पीईटी परीक्षा के लिए आगरा मंडल में रेलवे की विशेष तैयारी
आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर बने होल्डिंग एरिया
हेल्प डेस्क से मिलेगी परीक्षार्थियों को मदद
सीसीटीवी निगरानी के साथ डॉक्टरों और आरपीएफ की शिफ्टवार ड्यूटी
Agra Railway Preperation For UP PET Exam 2026: उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET-2026) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए आगरा रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, ईदगाह और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। वहीं, आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए होल्डिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं।
रेलवे की ओर से ये व्यवस्थाएं 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली पीईटी परीक्षा के मद्देनजर की गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और अतिरिक्त यात्री भीड़ के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
परीक्षार्थियों को ट्रेनों की प्रतीक्षा के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर लगभग 3,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल के होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इन स्थानों पर रोशनी, पानी और पंखों की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने के साथ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करना है।
आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, ईदगाह और मथुरा जंक्शन पर स्थापित हेल्प डेस्क से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, ट्रेनों की जानकारी लेने और यात्रा संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए आगरा और मथुरा के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में जूनियर स्केल अधिकारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है। आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर चिकित्सकों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।
इसके अलावा वाणिज्य विभाग के सुपरवाइजरों और कर्मचारियों के साथ रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षकों एवं कांस्टेबलों की ड्यूटी भी शिफ्टवार लगाई गई है। प्लेटफॉर्म से लेकर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया तक आवागमन सुचारु रखने और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है।
भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगरा मंडल के एलसी-77, एलसी-10, एलसी-75ए, एलसी-29 और एलसी-501 गेटों पर आरपीएफ कर्मियों की 24 घंटे तैनाती की गई है। रेलवे का प्रयास है कि परीक्षा के दौरान यात्रियों की आवाजाही के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
पीईटी परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त रेल परिवहन की व्यवस्था भी की है। गाड़ी संख्या 11808 आगरा कैंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पैसेंजर का मथुरा जंक्शन तक विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत के अनुसार मथुरा जंक्शन–लखनऊ, आगरा कैंट–मेरठ और मथुरा जंक्शन–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बांदा के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
गाड़ी संख्या 01823 कानपुर सेंट्रल–मथुरा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 24, 29 और 31 अक्टूबर 2026 को संचालित होगी। इसके साथ ही आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर एक-एक अतिरिक्त रेक तैयार रखा जाएगा, ताकि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेन का संचालन किया जा सके।
उत्तर प्रदेश में यूपी पीईटी-2026 का आयोजन कुल 1,372 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। आगरा रेल मंडल के अंतर्गत आगरा और मथुरा में कुल 1,97,504 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। इनमें आगरा के 1,26,089 और मथुरा के 71,415 परीक्षार्थी शामिल हैं।
परीक्षार्थियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए रेलवे ने स्टेशन सुविधाओं, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और अतिरिक्त ट्रेनों की उपलब्धता पर जोर दिया है। रेलवे की इन तैयारियों का उद्देश्य परीक्षा अवधि में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित रखना और उनका आवागमन सुचारु बनाए रखना है।