Agra: यूपीटीईटी परीक्षा के बाद एमजी रोड पर ट्रैफिक सिस्टम फेल, घंटों जाम में फंसे लोग

Agra Traffic: आगरा में यूपीटीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन दूसरी पाली समाप्त होते ही एमजी रोड पर भीषण जाम लग गया। अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
Traffic Chaos on Agra MG Road After UPTET Exam Despite Administrative Preparations
आगरा जाम (सोर्स-फोटो नवभारत)
Updated on

Agra MG Road Jam: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की थीं। तीन दिवसीय परीक्षा के तहत शहर के 26 परीक्षा केंद्रों पर कुल 50,512 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा संचालन के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती से लेकर कंट्रोल रूम की निगरानी और यातायात प्रबंधन तक सभी व्यवस्थाओं का दावा किया गया, लेकिन शुक्रवार शाम दूसरी पाली समाप्त होते ही शहर की सबसे व्यस्त सड़क एमजी रोड पर पूरा ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ा गया।

प्रत्येक पाली के लिए तैनात किए गए 26 सेक्टर और 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट

एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही है। प्रत्येक पाली के लिए 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी रिजर्व में रखे गए हैं।

परीक्षा से पहले जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने भी परीक्षा केंद्रों और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया था। वहीं डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने भी परीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए थे।

शाम पांच बजे बिगड़ गए हालात

शुक्रवार को दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही आगरा कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज समेत एमजी रोड स्थित परीक्षा केंद्रों से हजारों अभ्यर्थी एक साथ बाहर निकले, एमजी रोड पर वाहनों का भारी दबाव बन गया। देखते ही देखते सड़क पर लंबा जाम लग गया और चार पहिया, दो पहिया तथा सार्वजनिक वाहन कछुए की रफ्तार से रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर ट्रैफिक पूरी तरह थम गया।

दो से तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग

जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों ने नाराजगी जताते हुए "नव भारत" से बात करते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर पहले से तैयारियों और ट्रैफिक प्लान के दावे किए गए थे, लेकिन भीड़ निकलने के समय व्यवस्थाएं धराशायी हो गईं। लोगों का कहना था कि उन्हें एमजी रोड पार करने में दो से तीन घंटे तक का समय लग गया। कई वाहन चालक जाम में फंसकर परेशान रहे, जबकि सड़क पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई देती रहीं।

अब सवाल यह उठ रहा है कि जब परीक्षा के लिए पहले से विस्तृत प्रशासनिक और ट्रैफिक प्लान तैयार था, तो हजारों परीक्षार्थियों के एक साथ निकलने की स्थिति का प्रभावी प्रबंधन क्यों नहीं हो सका। शहरवासियों का कहना है कि यदि ऐसे आयोजनों के दौरान ट्रैफिक का बेहतर पूर्व नियोजन किया जाए तो आम लोगों को घंटों जाम की परेशानी से बचाया जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com