

Agra Sikandra Police Station Murder Case: आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा (44) की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
ऊपर से पक्का फर्श भी बनवा दिया और करीब डेढ़ महीने तक पति की गुमशुदगी का नाटक करती रही। परिवारीजनों के शक के बाद पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से कंकाल बरामद हुआ। आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला का कहना है कि पति ने आत्महत्या की थी और बदनामी के डर से उसने शव को दफना दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस घर के भीतर शव दफन था, उसी मकान में आरोपी महिला सामान्य जीवन जीती रही। वह परिजनों और पुलिस के साथ पति की तलाश का नाटक करती रही, गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई और लोगों के सामने रोती-बिलखती भी रही, जिससे किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।
घटना के बाद कॉलोनी के लोग भी हैरान हैं। पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें जरा भी आभास नहीं हुआ कि उनके पड़ोसी का शव उसी घर के बाथरूम में दफन है। उनका कहना है कि आरोपी महिला पिछले करीब 45 दिनों तक सामान्य व्यवहार करती रही। न उसके हाव-भाव से कोई शक हुआ और न ही किसी को यह अंदेशा हुआ कि उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। हत्या, आत्महत्या और साक्ष्य छिपाने सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है।
आगरा की यह घटना सामने आने के बाद लोगों को देश के अन्य चर्चित हत्याकांड भी याद आने लगे हैं। हाल के वर्षों में पुणे, इंदौर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें पत्नियों पर अपने पतियों की हत्या करने या हत्या की साजिश रचने के आरोप लगे। अधिकांश मामलों में प्रेम संबंध, घरेलू कलह, आर्थिक विवाद या पारिवारिक तनाव जैसी वजहें जांच में सामने आईं। इन घटनाओं ने वैवाहिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा और विश्वास के संकट को लेकर नई बहस छेड़ दी है।