

Govardhan Railway Security Mundiya Purnima Fair: मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेले में उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने इस बार व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल के निर्देशन में मथुरा और गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा, निगरानी और यात्री प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
रेलवे का दावा है कि मेले के दौरान ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। रेल प्रशासन ने मेले के लिए विशेष मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी 24 घंटे तैनात रहकर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसरों, प्लेटफार्मों और ट्रेनों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस बार रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 350 जवानों की तैनाती की गई है। इनमें 230 जवान अन्य रेल मंडलों से विशेष रूप से बुलाए गए हैं। इसके अलावा करीब 450 जीआरपी कर्मी भी ड्यूटी पर रहेंगे। ये जवान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ ट्रेनों में लगातार गश्त करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
तकनीकी निगरानी को भी पहले से अधिक सशक्त बनाया गया है। रेलवे ने 280 मौजूदा सीसीटीवी कैमरों के साथ 20 अतिरिक्त हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए हैं। मथुरा जंक्शन के फर्स्ट एंट्री और थर्ड एंट्री स्थित होल्डिंग एरिया में अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं, जबकि गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर भी नए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन परिसर पर पैनी नजर रखी जाएगी। इन सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग सीधे मेला कंट्रोल रूम से होगी।
जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम के अनुसार मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।
रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे स्टेशन पर धैर्य बनाए रखें, रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत आरपीएफ अथवा जीआरपी को दें। रेलवे का उद्देश्य है कि मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित रेल यात्रा का अनुभव मिल सके।