

Agra Dispute For Submersible Pump: छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच जाना अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। लोगों में आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की बजाय मामूली कहासुनी में ही लाठी-डंडे चलने के मामले सामने आ रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला आगरा पुलिस कमिश्नरेट के सिटी जोन स्थित थाना एकता क्षेत्र के गांव गुतीला से सामने आया है, जहां समर्सिबल के पानी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट के दौरान महिलाएं भी आपस में भिड़ गईं। विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला ने डंडे से खड़ी गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही। पूरे घटनाक्रम के दो वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट करते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से ठाकुर परिवार पर दबंगई करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट की शुरुआत कैसे हुई, इसकी पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना पर पहुंची थाना एकता पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस ने वायरल वीडियो और घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई।
समर्सिबल के पानी जैसे मामूली विवाद का इस तरह खूनी संघर्ष की ओर बढ़ना एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर लोग छोटी-छोटी बातों पर आपा क्यों खो रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।