

ताजमहल के पूर्वी गेट के सामने CISF जवानों के शौचालय में मिला अजगर
वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय टीम ने सावधानी से किया रेस्क्यू
कुछ घंटे निगरानी के बाद अजगर को जंगल में छोड़ा
Agra Snake Rescue: आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में उस समय हलचल मच गई, जब पूर्वी गेट के सामने स्थित परिसर में CISF जवानों के इस्तेमाल वाले शौचालय में करीब पांच फुट लंबा अजगर दिखाई दिया।
त्योहारी सीजन में ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ लगी हुई थी। ऐसे में अजगर मिलने की सूचना से सुरक्षाकर्मी सतर्क हो गए। सूचना पर पहुंची वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, शौचालय में अजगर सबसे पहले CISF के जवानों को दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ASI अधिकारियों ने वन्यजीवों के रेस्क्यू के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस की इमरजेंसी हेल्पलाइन पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था की दो सदस्यीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।
रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ थी। किसी तरह की अफरा-तफरी न हो और लोगों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया गया। इसके बाद प्रशिक्षित टीम ने सावधानी से शौचालय से अजगर को बाहर निकाला। पूरी कार्रवाई के दौरान लोगों और वन्यजीव की सुरक्षा का ध्यान रखा गया।
ताजमहल रेस्क्यू के बाद अजगर को कुछ घंटों तक निगरानी में रखा गया। इसके बाद उसे उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी पर्यटक, सुरक्षाकर्मी या वन्यजीव को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के निदेशक और सरीसृप विशेषज्ञ बैजू राज एमवी ने बताया कि इंडियन रॉक पायथन गैर-विषैला सांप है। यह पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आकार में बड़ा होने के बावजूद यह आमतौर पर शर्मीला होता है और इंसानों से दूर रहना पसंद करता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अजगर या किसी अन्य सांप को देखने पर घबराएं नहीं। उसे खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
संस्था की सह-संस्थापक और सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि वन्यजीवों की मौजूदगी केवल जंगलों तक सीमित नहीं है। कई बार ऐतिहासिक स्मारकों और शहरी इलाकों में भी ऐसे जीव दिखाई दे सकते हैं।
उन्होंने समय पर सहयोग करने के लिए CISF जवानों और ASI अधिकारियों का आभार जताया। साथ ही कहा कि जागरूकता और संवेदनशीलता के जरिए इंसानों और वन्यजीवों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सकता है।
इंडियन रॉक पायथन (पायथन मोल्यूरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली बड़ी सांप प्रजातियों में से एक है। IUCN की रेड लिस्ट में इसे निकट संकटग्रस्त (नियर थ्रेटन्ड) श्रेणी में रखा गया है।
इसके अलावा यह CITES के परिशिष्ट-I में शामिल है। भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत भी इसे सर्वोच्च कानूनी संरक्षण मिला हुआ है।