1100 करोड़ खर्च के बाद भी बदहाल आगरा? सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन

Agra Samajwadi Party Protest: समाजवादी पार्टी ने बदहाल सड़कों, जलभराव, गंदगी, सीवर और पेयजल की समस्याओं को लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। सपा ने नगर आयुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
Agra Samajwadi Party Demonstrates Against Civic Issues and Municipal Corporation
सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on
Updated on

Agra SP Protest Against Municipal Corporation: विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन आगरा की सियासत में विपक्षी दलों की सक्रियता बढ़ने लगी है। शहर की बदहाल सड़कों, जलभराव, गंदगी, सीवर और पेयजल जैसी समस्याओं को मुद्दा बनाकर समाजवादी पार्टी महानगर ने गुरुवार को नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

लंबे समय बाद सपा कार्यकर्ताओं में ऐसा जोश दिखाई दिया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में कार्यकर्ता सफाई भगवान टॉकीज से नारेबाजी करते हुए नगर निगम पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

प्रदर्शन के दौरान सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के करीब 1100 करोड़ रुपये कागजों में खर्च हो गए, लेकिन शहर की तस्वीर नहीं बदली। उन्होंने कहा कि एमजी रोड से फतेहाबाद रोड और शहर की अन्य प्रमुख सड़कों तक हालात खराब हैं। बारिश होते ही कई सड़कें जलभराव के कारण तलैया में तब्दील हो जाती हैं।

Agra Samajwadi Party Demonstrates Against Civic Issues and Municipal Corporation
UP Politics: मायावती के फैसले से BSP में भूचाल, आकाश आनंद को सपा और संजय निषाद ने दिया साथ आने का न्योता

सपा नेताओं ने कहा कि आगरा में भाजपा के नौ विधायक, दो लोकसभा सांसद और एक राज्यसभा सांसद हैं। नगर निगम और जिला पंचायत में भी भाजपा का प्रभाव है। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

भाजपा समर्थक युवकों ने 'योगी-मोदी जिंदाबाद' के नारे लगाए

प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति कुछ देर के लिए गरमा गई, जब एक भाजपा समर्थक युवक ने 'योगी-मोदी जिंदाबाद' के नारे लगाए। इसको लेकर सपाई और युवक आमने-सामने आ गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह युवक को वहां से हटाकर स्थिति संभाली।

प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शहर की समस्याओं का जल्द समाधान कराने और नगर निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग की गई।

सपा के इस प्रदर्शन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शहर की समस्याओं के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की विपक्ष की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com