Agra Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा; चालक को झपकी आने से खाई में उतरी वोल्वो बस, 6 घायल

Volvo Bus Accident News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में यात्रियों से भरी वोल्वो बस कथित रूप से चालक को झपकी आने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में उतर गई। इस हादसे में 6 यात्री घायल हुए।
Agra-Lucknow Expressway Bus Accident: Volvo Falls Into Ditch After Driver Allegedly Dozes Off, Six Injured
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Agra Lucknow Expressway Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-35 पर यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।

बस चालक को अचानक झपकी से हुआ हादसा

बस में सफर कर रहे यात्रियों के अनुसार वोल्वो बस लखनऊ से आगरा की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक झपकी आने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर खाई में जा पहुंची। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और वे बाल-बाल बच गए।

सीएचसी में चल रहा घायलों का उपचार

सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना करने की व्यवस्था की।

गौरतलब है कि यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगरा परिक्षेत्र में हुआ पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी चालक की झपकी, अधिक गति और लंबे समय तक लगातार वाहन चलाने के कारण कई सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रहे हादसे इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि भारी वाहनों के चालकों के विश्राम, गति नियंत्रण और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर और अधिक सख्ती बरतने की आवश्यकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com