थाने के सामने मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप, चौकीदार से मारपीट; जैन समाज के लोगों ने किया थाने का घेराव

Agra Jain Temple: आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में दिगंबर जैन मंदिर की जमीन पर कब्जे के प्रयास और चौकीदार से मारपीट का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही राज्यसभा सांसद नवीन जैन भी मौके पर पहुंचे।
Agra: Clash Over Jain Temple Land Near Police Station, Watchman Assaulted; Community Protests, Rajya Sabha MP Reaches Spot
जैन समाज का प्रदर्शन (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Agra Jain Temple Land Dispute: ताजनगरी आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में दिगंबर जैन मंदिर की कथित भूमि को लेकर रविवार की सुबह बड़ा विवाद सामने आया। आरोप है कि मंदिर की जमीन पर कब्जे की नीयत से पहुंचे कुछ दबंगों ने भूमि की देखरेख कर रहे चौकीदार के साथ मारपीट की और विरोध करने पर उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया।

इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचे जैन समाज के लोगों को भी कथित रूप से असलाह दिखाकर भयभीत किया गया। हैरानी की बात यह रही कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, वह रकाबगंज थाने के सामने स्थित है।

आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग रकाबगंज थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिगंबर जैन मंदिर की भूमि पर लंबे समय से भूमाफियाओं की नजर है और समय-समय पर कब्जे के प्रयास किए जाते रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंचे राज्यसभा सांसद नवीन जैन

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन और स्थानीय विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश भी मौके पर पहुंचे। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से बातचीत कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धार्मिक स्थल की संपत्ति पर कब्जे की कोशिश और समाज के लोगों को धमकाने जैसी घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी।

पुलिस ने दिया कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा

पुलिस आयुक्त ने राज्यसभा सांसद को आश्वस्त किया कि मामले में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। रकाबगंज थाना पुलिस ने भी निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com