आगरा में मिलावटी दूध पर बड़ा एक्शन! MG रोड पर पकड़े गए दो टैंकर, 1,996 लीटर दूध कराया गया नष्ट

Agra Milk Adulteration Raid: आगरा में मिलावट और अस्वच्छ भंडारण पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा। एमजी रोड पर दो टैंकरों से 1,996 लीटर मिलावटी दूध मौके पर नष्ट कराया गया।
Food Safety Department Action Agra
आगरा में दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का छापासोर्स- नवभारत लाइव
Updated on

Food Safety Department Action Agra: आगरा में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के साथ-साथ अस्वच्छ परिस्थितियों में इनके भंडारण और परिवहन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर और देहात के विभिन्न क्षेत्रों में दूध, दही और पनीर के कई विधिक नमूने लिए गए। वहीं एमजी रोड पर जांच के दौरान दो दूध टैंकरों में कोल्ड चेन का पालन नहीं होने और दूध के अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे होने पर 1,996 लीटर दूध मौके पर नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए दूध की अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम नगला मुड़ी चौराहा, नादऊ फ्लाईओवर, आहरन-एत्मादपुर, कुतलुपुर रोड, फतेहपुर सीकरी समेत विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। नगला मुड़ी चौराहा से परिवहन किए जा रहे मिश्रित दूध के कई नमूने लिए गए। इसके अलावा महेंद्र सिंह के दुग्ध संग्रह केंद्र, नादऊ फ्लाईओवर के पास मोटरसाइकिल से ले जाए जा रहे दूध और आहरन क्षेत्र में भी नमूने संग्रहित किए गए।

कुतलुपुर रोड स्थित पवन दूध भंडार से दही और पनीर, जबकि फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के पास भोला डेयरी और लाइफ डेयरी से मिश्रित दूध के नमूने लिए गए।

एमजी रोड पर दो टैंकरों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान एमजी रोड पर जलेसर से आगरा दूध लेकर आ रहे दो बोलेरो मैक्स पिकअप टैंकरों को रोककर जांच की गई। दोनों वाहनों में करीब एक-एक हजार लीटर दूध था। जांच में दूध की कोल्ड चेन मेंटेन नहीं मिली और भंडारण की स्थिति भी अस्वच्छ पाई गई। इसके अलावा दूध के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

पहले दूध टैंकर से एक विधिक नमूना लेने के बाद शेष 998 लीटर दूध नष्ट कराया गया। दूसरे टैंकर से भी एक नमूना लेकर 998 लीटर दूध मौके पर नष्ट कराया गया। दोनों टैंकरों से नष्ट दूध की कीमत करीब 1,09,780 रुपये आंकी गई है।

प्रयोगशाला भेजे गए सैंपल

विभाग के अनुसार सभी विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Food Safety Department Action Agra
Navbharat Exclusive: आगरा में गोदाम निर्माण में करोड़ों की धांधली, कहीं खिड़की गायब तो कहीं बीम कमजोर

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह, राकेश कुमार यादव, श्वेता चक्रवर्ती और सुरेंद्र कुमार चौरसिया शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, असुरक्षित अथवा अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com