

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में रोजाना भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और संगम में पवित्र डुबकी लगाने का पुण्य अर्जित कर रहे हैं। माघ पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात योजना बनाई है। 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु अमृत स्नान करेंगे। इसके अंतर्गत 11 फरवरी 2025 की सुबह 4 बजे से संपूर्ण मेला क्षेत्र को 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम स्नान के लिए केवल आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के निजी व सार्वजनिक वाहनों को 11 फरवरी को सुबह 4 बजे के बाद संबंधित रूट की पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इससे शहर में यातायात अव्यवस्था न हो और श्रद्धालु पैदल सुगमता से स्नान घाटों तक पहुंच सकेंगे।
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने 11 फरवरी की शाम 5:00 बजे से पूरे प्रयागराज शहर को भी 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया है। केवल आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष यातायात योजना 12 फरवरी को स्नान संपन्न होने तक लागू रहेगी। महाकुम्भ में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं के वाहनों पर भी यह नियम लागू रहेगा। प्रशासन ने सभी कल्पवासियों से अनुरोध किया है कि वे नियमों का पालन करें और अधिकृत पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। महाकुंभ से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सहयोग दें, ताकि महाकुम्भ का यह महत्वपूर्ण स्नान पर्व सुगमतापूर्वक संपन्न हो सके।
जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 में सूचना विभाग के अनुसार, अब तक 43 करोड़ से अधिक लोग पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। देखें त्रिवेणी संगम के घाटों से ड्रोन से ली गई तस्वीरें, जहां लोग पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।