राम मंदिर चढ़ावे में भ्रष्टाचार के आरोपों पर AAP का प्रदर्शन, ₹420 का चेक बनाकर चंपत राय को भेजा

AAP Protest In UP: आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर में चढ़ावे और जमीन खरीद से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रदेशभर में भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित कर चंपत राय को ₹420 का प्रतीकात्मक चेक भेजा।
AAP Protest Alleged Irregularities Ram Temple Funds, ₹420 Cheque to Champat Rai
आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ram Mandir Fund Controversy AAP Protest: भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए धन और चढ़ावे में लूट के आरोपों तथा राम भक्तों की आस्था के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह के आवाह्न पर रविवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा ₹420 का चेक तैयार कर चंपत राय को भेजा। कार्यकर्ताओं ने "चंदा चोरों गद्दी छोड़ो", "राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" और "श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो" जैसे नारे लगाए तथा दान और चढ़ावे में हुई लूट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

आरएसएस और भाजपा पर साधा निशाना

इस दौरान यतीनंदन आयृ ने कहा कि प्रभु श्री राम हम सभी की आस्था और मर्यादा के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उनके भव्य मंदिर निर्माण के नाम पर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई समर्पित की थी। लेकिन आरएसएस और भाजपा के लोग जो खुद को धर्म का ठेकेदार बताते हैं, उन्हीं के पदाधिकारियों द्वारा इस पवित्र चंदे में लूट की जा रही है। यह करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संरक्षण में यह पूरा तंत्र चल रहा है। मोदी जी भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब उनके अपने ही संगठन (आरएसएस) से जुड़े लोग और उनके करीबी चंदा चोरी में लिप्त पाए जाते हैं, तो वे पूरी तरह मौन साध लेते हैं। महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा और भाजपा आरएसएस ने राम मंदिर को लूटा है ।

चंपत राय को भेजा ₹420 का डिमांड ड्राफ्ट

उन्होंने कहा कि ​हम चंपत राय को ₹420 का डिमांड ड्राफ्ट भेजकर यह संदेश दे रहे हैं कि वे प्रभु के मंदिर के पैसों पर डाका डालना बंद करें। अगर भाजपा, आरएसएस या उनके लोगों के पास पैसे की इतनी ही कमी है, तो वे सीधे मांग लें; आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच झोली फैलाकर, भीख मांगकर पैसा इकट्ठा करेगा और उन्हें दे देगा, लेकिन भगवान के घर में ये हेराफेरी नहीं चलने दी जाएगी।"

खुली लूट का माल आखिर किसके हिस्से में जा रहा

रवि गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल ही में राम मंदिर में चंदा चोरी और तीर्थ क्षेत्र के आसपास की जमीन की खरीद फरोख्त में हुए अब तक के सबसे बड़े भ्रष्टाचार को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किये थे। सांसद संजय सिंह ने आधिकारिक सरकारी व रजिस्ट्री के दस्तावेजों को सार्वजनिक करते हुए इस महाघोटाले की परतें खोलीं।

उन्होंने बताया था कि चंदा चोर चंपत राय ने आलोक बंसल, मनीष बंसल और शिवानी बंसल से शाहनवाज़पुर माझा में स्थित 117 बिस्वा जमीन को ₹55 करोड़ 47 लाख 31 हजार 800 में खरीदा है, जबकि इस जमीन की वास्तविक मालियत महज ₹9 करोड़ की है।" ​उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी कैसे ₹2 करोड़ की सुल्तान अंसारी की जमीन को ₹18.5 करोड़ में खरीदकर ₹16.5 करोड़ का भ्रष्टाचार किया गया, और कैसे ₹3 करोड़ की जमीन को ₹24 करोड़ में खरीदकर ₹21 करोड़ की डकैती डाली गई। यह खुली लूट का माल आखिर किसके-किसके हिस्से में जा रहा है, इसकी जांच क्यों नहीं हो रही?

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए जांच

मोहित एवं अरुण ने कहा कि इतने सबूत होने पर भी अब तक अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। आम आदमी पार्टी आगरा महानगर की ओर से मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच होनी चाहिए और चंपत राय सहित तमाम बेईमानों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि साल 2020 से 2024 तक ट्रस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने वाले नौकरशाह ज्ञानेश कुमार की भी इस लूट में जांच होनी चाहिए।

भिक्षाटन के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिलीप बंसल, कपिल बाजपेई ,यति नंदन, अरुण गहलोत ,रवि गोयल, मोहित अग्रवाल , ताजुद्दीन, भीम यादव, रामसेवक ठाकरे ,बिट्टू पंडित,मुरली बाबा,संजय भारती सुरजीत सिंह ,प्रमोद कुमार, वीरू मुन्ना, मुकेश कुमार,सलमान, अभय गुप्ता , ऋषभ कुमार, विक्रांत, लकोटिया, सुरेश कुमार, मुनेंद्र, राकेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com