KYC अपडेट नहीं कराया तो क्या तुरंत बंद हो जाएगा बैंक अकाउंट? जानिए क्या कहते हैं RBI के नियम

RBI KYC Rules: KYC अपडेट की समय सीमा बीतने पर बैंक तुरंत आपका खाता बंद नहीं करता। भारतीय रिजर्व बैंक नियमों के तहत ग्राहकों को पर्याप्त अवसर दिए जाते हैं तथा केवल आंशिक रोक लगाई जाती है।
RBI KYC Rules Bank Account
KYC अपडेट(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

RBI KYC Rules Bank Account: आज के डिजिटल बैंकिंग दौर में बैंक अकाउंट हमारे दैनिक जीवन और आर्थिक लेनदेन का अभिन्न अंग बन चुका है। सैलरी पाने, बिलों के भुगतान, UPI ट्रांसफर और बचत तक हर बड़े काम के लिए हम पूरी तरह बैंक खातों पर निर्भर हैं।

ऐसे में KYC अपडेट न कराने पर बैंक खाता तुरंत फ्रीज होने की खबरें किसी भी आम नागरिक को आशंकित और चिंतित कर सकती हैं। हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार KYC की डेडलाइन बीतने पर बैंक तुरंत अकाउंट बंद नहीं करते बल्कि ग्राहकों को राहत दी जाती है।

क्या है KYC और बैंक के लिए क्यों जरूरी?

KYC यानी Know Your Customer बैंकिंग व्यवस्था की एक जरूरी प्रक्रिया है। इसके तहत बैंक ग्राहक की पहचान, पता और अन्य जरूरी जानकारियों से जुड़े डॉक्यूमेंट की जांच करता है। KYC का मुख्य उद्देश्य बैंकिंग व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखना है।

इसके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग, आतंकवाद के वित्तपोषण और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलती है। नया बैंक अकाउंट खोलते समय KYC जरूरी होती है। इसके अलावा बैंक ग्राहकों के जोखिम स्तर के आधार पर समय-समय पर Re-KYC भी कराते हैं।

किन मामलों में KYC की जरूरत पड़ती है?

RBI के नियमों के अनुसार नया बैंक अकाउंट खोलने वाले ग्राहक को KYC प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके अलावा कुछ निर्धारित वित्तीय लेनदेन और बैंकिंग सेवाओं के दौरान भी ग्राहक से KYC दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।

उदाहरण के तौर पर, किसी गैर-खाताधारक की ओर से बैंक शाखा में 50000 रुपये या उससे अधिक का नकद लेनदेन होने पर KYC से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैसे भेजने, 50000 रुपये से अधिक के क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान और कुछ वित्तीय उत्पादों से जुड़ी सेवाओं में भी KYC जरूरी हो सकती है।

KYC की डेडलाइन मिस होने पर क्या होगा?

अगर ग्राहक तय समय सीमा तक KYC अपडेट नहीं कराता है तो बैंक आमतौर पर तुरंत अकाउंट बंद नहीं करता। RBI के निर्देशों के तहत बैंकों को ग्राहकों को पहले सूचना और रिमाइंडर देने होते हैं। बार-बार सूचना देने के बावजूद KYC अपडेट नहीं होने पर बैंक खाते पर आंशिक रोक यानी Partial Freezing लगा सकता है।

इसका मतलब यह नहीं है कि खाते में जमा पूरी रकम जब्त या खत्म हो जाती है, बल्कि कुछ विशेष लेनदेन या सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। 2025 में KYC फ्रेमवर्क में किए गए बदलावों के तहत बैंकों को KYC की समय सीमा से पहले ग्राहकों को अग्रिम सूचना और रिमाइंडर भेजने पर जोर दिया गया है। बैंक को यह भी बताना होता है कि KYC अपडेट नहीं कराने पर ग्राहक के खाते पर किस तरह की पाबंदियां लग सकती हैं।

RBI KYC Rules Bank Account
ड्राइविंग लाइसेंस में अब घर बैठे ऑनलाइन बदलें अपना एड्रेस, जानें जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फीस और पूरी प्रोसेस

KYC अपडेट कराने के लिए क्या करें?

अगर बैंक से KYC अपडेट करने का मैसेज मिलता है तो ग्राहक को इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आवश्यक पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज बैंक की शाखा में जाकर या बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।

अगर KYC को लेकर कोई समस्या या भ्रम है तो ग्राहक को सीधे अपने बैंक से संपर्क करना चाहिए। समय पर Re-KYC पूरा करने से खाते की सेवाओं पर संभावित प्रतिबंध से बचने में मदद मिल सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com