रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी डिजिटल लॉकर सुविधा, जानें कैसे करें इस्तेमाल और कहां है लोकेशन

Railway Digital Locker: उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की है। OTP और डिजिटल UPI पेमेंट से चलने वाले इन लॉकरों से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Railway Digital Locker Facility Delhi
रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी डिजिटल लॉकर सुविधा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Railway Digital Locker Facility Delhi: उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेल यात्रियों के सफर और ठहराव को सुगम बनाने के लिए एक बड़ी डिजिटल तकनीक आधारित पहल शुरू की है। ट्रेन के आने-जाने के दौरान घंटों इंतजार करने वाले या शहर घूमने की योजना बना रहे यात्रियों को अब स्टेशनों पर भारी भरकम सामान साथ लेकर घूमने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी। 

दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक तकनीक आधारित ऑटोमेटिक, सुरक्षित और पूरी तरह कैशलेस स्मार्ट डिजिटल लॉकर सुविधा आधिकारिक तौर पर चालू कर दी गई है। पारंपरिक चाबी या क्लॉक रूम की कागजी रसीद के बजाय केवल मोबाइल OTP और ऑनलाइन UPI पेमेंट की मदद से इन लॉकरों का बेहद आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। 

दिल्ली के चार प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS), हजरत निजामुद्दीन (NZM), दिल्ली जंक्शन (DLI) और आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) शामिल हैं।

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सेवा शुरू हो चुकी है। यहां यात्री 24 घंटे और सातों दिन इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा चुका है और जल्द ही यहां भी सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

कहां लगाए गए हैं डिजिटल लॉकर?

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, डिजिटल लॉकर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाए गए हैं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यह लॉकर प्लेटफॉर्म नंबर 16 की तरफ डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे मेन हॉल में मौजूद है। वहीं हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार के पास सीढ़ियों के ठीक बगल में डिजिटल लॉकर लगाए गए हैं।

यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनमें मिनी, स्मॉल, मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज यानी कुल पांच साइज के लॉकर उपलब्ध हैं।

सामान जमा करने के लिए कैसे करें बुकिंग?

डिजिटल लॉकर में सामान रखना काफी आसान है। इसके लिए स्क्रीन पर दिए गए स्टार्ट बटन को दबाकर अपना 10 अंकों का सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी डालकर उसे सत्यापित करना होगा।

OTP वेरिफिकेशन के बाद यात्री अपने सामान के हिसाब से लॉकर का उपयुक्त साइज चुन सकते हैं। इसके साथ ही कितने घंटे के लिए लॉकर चाहिए, यह भी चुनना होगा। इसके बाद Google Pay, PhonePe, Paytm या किसी अन्य UPI माध्यम से निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

पेमेंट सफल होने के बाद लॉकर का दरवाजा अपने आप खुल जाएगा। यात्री इसमें अपना सामान रखकर लॉकर बंद कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया में पारंपरिक चाबी या कागजी रसीद की जरूरत नहीं है।

Railway Digital Locker Facility Delhi
Rapido पर CCPA का बड़ा एक्शन, डार्क पैटर्न के इस्तेमाल पर लगा 10 लाख रुपये का जुर्माना

सामान वापस निकालने का तरीका

लॉकर से सामान निकालने के लिए भी मोबाइल OTP का इस्तेमाल किया जाएगा। यात्री को स्क्रीन पर स्टार्ट विकल्प चुनकर वही रजिस्टर्ड 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त नए OTP को स्क्रीन पर दर्ज करके सत्यापन करना होगा। ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले रिलीज विकल्प को चुनना होगा।

रिलीज विकल्प दबाते ही लॉकर का दरवाजा ऑटोमेटिक खुल जाएगा। यात्री अपना सामान निकालने के बाद लॉकर का दरवाजा बंद कर सकते हैं। इस डिजिटल सुविधा से यात्रियों को स्टेशन पर सामान रखने का आसान, कैशलेस और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com