

How to Keep Your Bank Account Secure: साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं और कई बार ठग दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल करके अपराध को अंजाम भी दें देते हैं। ऐसा ही मामला महाराष्ट्र के ठाणे से सामने आया है जिसमें इस खतरे की गंभीरता को दिखाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि एक महिला का बैंक अकाउंट कथित तौर पर ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल हुआ था। पुलिस की पूछताछ और कई राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी सामने आने के बाद महिला ने आत्महत्या कर ली।
रिपोर्ट में बताया गया है कि चुरू के साइबर सेल थाने के अधिकारी 8 अगस्त को महिला के घर पहुंचे थे। अधिकारियों ने उन्हें भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत दर्ज मामले में पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस दिया था। वहीं नोटिस में आरोप लगाया गया था कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र में मौजूद महिला का बैंक अकाउंट ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल किया गया है। महिला की पहचान देविका अरुमुगम पंडारम के तौर पर बताई गई है।
मामले की जांच के सिलसिले में पंडारम ठाणे पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम विभाग पहुंचीं। जिसमें पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि हरियाणा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में उनके खिलाफ साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
वहीं इन मामलों की जानकारी मिलने के बाद महिला कथित तौर पर बेहद तनाव में थीं। इसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली। यह मामला इस बात की ओर भी ध्यान खींचता है कि किसी व्यक्ति के बैंक अकाउंट का गलत इस्तेमाल होने पर उसे तुरंत बैंक और पुलिस को जानकारी देनी चाहिए।
इस तरह के मामलों के बढ़ने से परेशानियां भी बढ़ रही है ऐसे में अपने बैंक खाते की सुरक्षा के लिए सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि उसमें आपका अपडेटेड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज है। जिससे किसी भी संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी तुरंत आपके पास आ रही है। वहीं अनजान या संदिग्ध लेनदेन दिखाई देने पर तुरंत बैंक की शाखा और आधिकारिक कस्टमर केयर से संपर्क करना सही बताया जाता है।
इसके अलावा अपना बैंक अकाउंट, ATM कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI की जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए कभी न दें। वहीं जानकारी यह भी दिया जाता है कि अपने बैंक अकाउंट को किराये पर देने या कमीशन के बदले किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने देना भी गंभीर परेशानी पैदा कर सकता है।
अगर इस तरह के मामलों को लेकर किसी व्यक्ति के मन में आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आता है तो उसे अकेले नहीं रहना चाहिए और तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति, डॉक्टर या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। भारत सरकार की Tele-MANAS सेवा 24x7 उपलब्ध है। इसके लिए 14416 या 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। अगर तत्काल खतरा हो तो नजदीकी अस्पताल या आपातकालीन सेवा से मदद लेना सही और जरूरी है।