

WhatsApp Guest Calling Feature: WhatsApp ने एक नया और शानदार फीचर्स पेश किया है जिसमें अब उन लोगों को भी ऑडियो और वीडियो कॉल में शामिल करना आसान होगा जिनका इस प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं है। बताया जा रहा है कि Meta के स्वामित्व वाले WhatsApp ने गेस्ट कॉलिंग फीचर पेश करने का ऐलान किया है। जिसकी मदद से यूजर एक कॉल लिंक बनाकर दोस्तों, परिवार के सदस्यों या ऑफिस के सहकर्मियों को बातचीत के लिए बुला सकते है। इसकी खास बात यह है कि गेस्ट कॉल में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का फायदा दिया जा रहा है।
इसको लेकर कंपनी ने बताया है कि ये कॉल मुफ्त होंगी और इन पर समय की कोई तय सीमा नहीं होगी। वहीं एक कॉल में गेस्ट समेत अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकते है। इससे उन लोगों के साथ भी ऑनलाइन बातचीत करना आसान हो सकता है जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते है।
गेस्ट कॉल शुरू करने के लिए WhatsApp अकाउंट वाले यूजर को ऐप में Calls टैब खोलना होगा। इसके बाद + आइकन पर टैप करके कॉल लिंक बनाया जा सकता है। वहीं इस लिंक को उन लोगों के साथ शेयर करना होगा जिन्हें बातचीत में शामिल करना है।
वहीं लिंक मिलने के बाद गेस्ट इसे अपने कंप्यूटर के ब्राउजर में खोल सकते हैं। उन्हें अपना नाम दर्ज करके कॉल में शामिल होने की रिक्वेस्ट भेजनी होगी। इसमें ध्यान रहे कि कॉल लिंक बनाने का विकल्प केवल WhatsApp अकाउंट वाले यूजर के पास होगा।
जानकारी में बताया गया है कि WhatsApp ने गेस्ट कॉल में सुरक्षा और नियंत्रण के लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था रखी है। वहीं लिंक खोलने के बाद गेस्ट सीधे कॉल में शामिल नहीं हो सकते। इसके लिए उन्हें पहले होस्ट की मंजूरी का इंतजार करना होगा। जिसमें होस्ट जरूरत पड़ने पर किसी गेस्ट को कॉल से बाहर भी कर सकता है।
वहीं गेस्ट दूसरे प्रतिभागियों के फोन नंबर नहीं देख सकता है। साथ ही उन्हें मैसेज भेजने या अपनी तरफ से किसी अन्य व्यक्ति को कॉल में जोड़ने की सुविधा भी नहीं मिलेगी। इसको लेकर कंपनी ने बताया है कि गेस्ट कॉल में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन रहेगा जिसका सीधा मतलब है कि बातचीत को सुरक्षित रखने के लिए एन्क्रिप्शन की सुविधा उपलब्ध होगी।
कॉल में शामिल होने के बाद गेस्ट कंप्यूटर की स्क्रीन शेयर कर सकते है। इसके अलावा, थम्स-अप या हार्ट जैसे इमोजी भेजने और बोलने के लिए हाथ उठाने का विकल्प भी मिलेगा। ये सुविधाएं ऑनलाइन क्लास, ऑफिस मीटिंग और ग्रुप चर्चा के दौरान उपयोगी हो सकती हैं।
बताया जा रहा है कि WhatsApp इस साल के आखिर तक Google Calendar और Outlook के साथ कैलेंडर इंटीग्रेशन लाने की योजना बना रहा है। जिसके जरिए यूजर कैलेंडर से सीधे कॉल लिंक बना सकेंगे। लेकिन यह सुविधा कब उपलब्ध होगी इसकी पुष्टि कंपनी के आधिकारिक अपडेट से ही कि जा सकती है।