

Highlight:
TRAI ने स्पैम कॉल और मैसेज पर लगाम लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है।
टेलीकॉम कंपनियों ने करीब 19.9 अरब संदिग्ध स्पैम कॉल और SMS की पहचान की।
नियमों का उल्लंघन करने वाले 13,777 टेलीकॉम कनेक्शन एक साल के लिए बंद हो गई है।
TRAI Spam Call Report: अगर आपके फोन पर भी बार-बार बैंक लोन, क्रेडिट कार्ड या अनजान कंपनियों के प्रमोशनल कॉल आते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक TRAI ने स्पैम कॉल और मैसेज पर लगाम लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच टेलीकॉम कंपनियों के AI सिस्टम ने करीब 19.9 अरब संदिग्ध स्पैम कॉल और SMS की पहचान की। वहीं नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 13,777 टेलीकॉम कनेक्शन एक साल के लिए बंद कर दिए गए। TRAI की ताजा रिपोर्ट बताती है कि स्पैम रोकने के लिए अब तकनीक के साथ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
TRAI की 13 नवंबर 2026 को जारी तिमाही रिपोर्ट में देखा गया है कि टेलीकॉम कंपनियों के AI आधारित सिस्टम ने तीन महीनों में 18.28 अरब इनकमिंग कॉल और 1.62 अरब SMS को संदिग्ध स्पैम के रूप में फ्लैग किया। वहीं इसका मतलब है कि सिस्टम कॉलिंग पैटर्न और मैसेज के आधार पर ऐसे नंबरों की पहचान करता है जिनसे स्पैम भेजे जाने की आशंका होती है। इसके अलावा संदिग्ध सेंडर्स को 45.9 लाख से ज्यादा चेतावनी नोटिफिकेशन भी भेजे गए।
रिपोर्ट में बताया गय है कि जुलाई-सितंबर के दौरान TRAI को अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन (UCC) की 15.29 लाख शिकायतें मिलीं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई के योग्य पाया गया। साथ ही पहली बार नियम तोड़ने वाले 1,10,325 टेलीकॉम रिसोर्स पर 15 दिनों के लिए आउटगोइंग सेवाओं की रोक लगाई गई। वहीं बार-बार नियम तोड़ने पर 13,777 कनेक्शन एक साल के लिए डिस्कनेक्ट कर दिए गए। इसके अलावा 374 सेंडर्स को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया और 3,725 SMS हेडर ब्लॉक किए गए।
देश में 30 सितंबर 2026 तक कुल 134.9 करोड़ टेलीकॉम सब्सक्राइबर थे। इनमें से करीब 22.44 करोड़ यानी 16.64 प्रतिशत ग्राहकों ने ही DND (Do Not Disturb) रजिस्ट्रेशन कराया था। इस तिमाही में TRAI के DND ऐप के जरिए 14.21 लाख शिकायतें दर्ज हुईं जो कुल शिकायतों का 92.9 प्रतिशत थीं। वहीं DND प्राथमिकताओं के आधार पर 1.70 अरब प्रमोशनल कॉल और 11.09 अरब प्रमोशनल SMS ब्लॉक किए गए।
TRAI ने प्रमोशनल कॉल के लिए 140 सीरीज तय की है। वहीं बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और सरकारी संचार के लिए 1600 सीरीज इस्तेमाल होती है। यूटिलिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी कंपनियों की सर्विस कॉल के लिए 10 अगस्त 2026 से 1601 सीरीज भी शुरू की गई है। इससे ग्राहकों को प्रमोशनल और जरूरी सर्विस कॉल के बीच अंतर समझने में मदद मिल सकती है।