WhatsApp पर हैक हो सकती है प्राइवेट चैट! CERT-In ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी; कहा- जल्दी अपडेट करें न्यू वर्जन

CERT-In Advisory For WhatsApp Security: भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन ने वाट्सएप के पुराने वर्जन में गंभीर असुरक्षा को दर्शाया है। वाट्सएप के पुराने वर्जन में साइबर हमलों का खतरा हो सकता है।
whatsapp chat cyber attack
WhatsApp को लेकर CERT-In ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरीसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • सीईआरटी-इन ने वाट्सएप के पुराने वर्जन में गंभीर असुरक्षा को दर्शाया है

  • Android, iOS, Mac, Windows प्लेटफॉर्म पर मौजूद WhatsApp को लेकर अलर्ट जारी

  • खास AI-रिच मैसेज के जरिए संदिग्ध URL प्रोसेस करवाने का खतरा मंडरा रहा

WhatsApp Insecure For Android-iPhone-PC Users: यदि आप भी वाट्सएप का पुराना वर्जन चला रहे हैं तो आपको सावधान होने की जरूरत है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन ने वाट्सएप के पुराने वर्जन में गंभीर असुरक्षा को दर्शाते हुए वाट्सएप यूजर्स के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर दी है।

इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम के मुताबिक, अगर आपने भी लंबे समय से अपना वाट्सएप अपडेट नहीं किया तो सावधान रहें। सीईआरटी-इन ने आगाह करते हुए बताया कि वाट्सएप के पुराने वर्जन में कई खामियों की वजह से यूजर्स साइबर हमलों की चपेट में आ सकते हैं।

वाट्सएप और वाट्सएप बिजनेस के पुराने वर्जन में खतरा मंडरा रहा है। एंड्रायड, आईओएस और डेस्कटाप यूजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। सीईआरटी-इन ने सभी यूजर्स को अपने डिवाइस के अनुसार उपलब्ध नया सिक्योरिटी अपडेट इंस्टाल करने की सलाह दी है।

मेटा की ओर से जारी नवीनतम सुरक्षा पैच इंस्टाल करें

वाट्सएप का पुराना वर्जन यूज करने से आपके निजी चैट और फाइलें हैक हो सकती हैं। सीईआरटी-इन ने यूजर्स से कहा है कि वे केवल स्वचालित अपडेट पर निर्भर रहने के बजाय मेटा की ओर से जारी नवीनतम सुरक्षा पैच तुरंत इंस्टाल करें।

सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवियरिटी एडवाइजरी जारी

CERT-In ने वाट्सएप को लेकर 5 सुरक्षा खामियां प्रदर्शित की। इसे लेकर हाई-सीवियरिटी एडवाइजरी जारी की है। हैकर इन खामियों का फायदा उठाकर रिमोट अटैकर डिवाइस में मौजूद संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं। इतना ही नहीं, हैकर्स ऐप का डेटा डिलीट कर सकते हैं या कुछ मामलों में डिवाइस पर अपना कोड भी चला सकते हैं।

जानें मोबाइल के किन वर्जन में हैक हो सकती है प्राइवेट चैट

CERT-In के मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा खतरा Android, iOS, Mac और Windows प्लेटफॉर्म पर मौजूद WhatsApp के अलग-अलग वर्जन पर है। अब आपके मन में भी यहीं सवाल होगा कि हैकर्स ऐसा कैसे कर पाते होंगे।

दरअसल, वे खास तरह से तैयार किए मैसेज, अटैचमेंट या URL भेजकर इन खामियों का फायदा उठाते हैं। एजेंसी ने यूजर्स और ऑर्गनाइजेशन को WhatsApp के सभी प्रभावित वर्जन अपडेट करने की सलाह दी है।

whatsapp chat cyber attack
WhatsApp में आया मैसेज Schedule करने का फीचर, अब तय समय पर अपने आप भेज सकेंगे मैसेज

CERT-In ने दर्शायी WhatsApp की ये 5 सुरक्षा खामियां

  • CERT-In ने एडवाइजरी जारी करते हुए वाट्सएप के पुराने वर्जन की 5 सुरक्षा खामियां बताई। इनमें CVE-2026-102769 नाम की खामी Android पर भेजे गए खास 'Order Details' मैसेज से जुड़ी है। यदि यूजर बिना ध्यान दिए हुए ऐसे मैसेज पर टैप करता है तो SQL Injection के जरिए फोन में सेव WhatsApp फाइलें डिलीट हो सकती है। इससे चैट डेटाबेस से जुड़ी सीमित जानकारी भी सामने आ सकती है।

  • CERT-In के मुताबिक, दूसरी खामी CVE-2026-44908 Meta AI के कंप्यूटिंग सिस्टम में सर्टिफिकेट चेन के गलत वैरिफिकेशन से जुड़ी है। इस खामी के कारण Meta के इंफ्रास्ट्रक्चर के भीतर मौजूद कोई व्यक्ति हार्डवेयर सेफ्टी को बायपास कर सकता है।

  • तीसरी खामी CVE-2026-23871 Android पर Click to WhatsApp विज्ञापनों के जवाब में इस्तेमाल होने वाले लिंक से जुड़ी है। WhatsApp के मुताबिक, कुछ स्पैम मैसेज के जरिए इस खामी का इस्तेमाल भी हो चुका है।

  • बाकी दो खामियों में CVE-2026-23866 Android और iOS पर हैं। खास AI-रिच मैसेज के जरिए संदिग्ध URL प्रोसेस करवाने का खतरा है। वहीं, CVE-2026-23863 Windows पर भेजे गए ऐसे अटैचमेंट से संबंधित है, जो एक तरह की फाइल दिखता है लेकिन खोलने पर प्रोग्राम की तरह चल सकता है।

whatsapp chat cyber attack
WhatsApp यूजर्स के चैट्स अब Google Drive के बिना होंगे सेव, कंपनी दे रही है 2GB फ्री क्लाउड स्टोरेज

अब वाट्सएप यूजर्स को क्या करना चाहिए

फिलहाल वाट्सएप यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है। यूजर्स Google Play Store, Apple App Store या आधिकारिक WhatsApp वेबसाइट से उपलब्ध WhatsApp के अपडेट वर्जन को इंस्टॉल कर सकते हैं। इससे Android, iOS, Mac और Windows प्लेटफॉर्म पर मौजूद WhatsApp के अलग-अलग वर्जन में होने वाले खतरे से निपटा जा सकेगा।