क्या सच में बंद होने वाली है OnePlus? यूजर्स के मन में डर, रिपोर्ट ने बढ़ाई टेंशन

OnePlus Dismantled: OnePlus को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी को धीरे-धीरे डिसमेंटल किया जा रहा है और इसके आने वाले स्मार्टफोन्स की तैयारियां भी रोकी गई है
Is OnePlus really going to shut down Users are worried, and a recent report has increased the tension.
OnePlus (Source. OnePlus)
Published on: 
Updated on: 

Is OnePlus Shutting Down: एक समय स्मार्टफोन बाजार में तहलका मचाने वाली OnePlus को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी को धीरे-धीरे डिसमेंटल किया जा रहा है और इसके आने वाले स्मार्टफोन्स की तैयारियां भी रोक दी गई हैं। इस रिपोर्ट के बाद खासकर मिडिल और लोअर मिडिल क्लास यूजर्स में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, कंपनी ने इन दावों को सिरे से खारिज किया है। वनप्लस इंडिया के सीईओ का कहना है कि कंपनी का ऑपरेशन पहले की तरह जारी है और आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट में किया गया सनसनीखेज दावा

Android Headlines की रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus लंबे समय से संघर्ष कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2024 में कंपनी की ग्लोबल शिपमेंट 20 प्रतिशत से ज्यादा गिर गई। एक समय OnePlus की सालाना शिपमेंट करीब 17 मिलियन यूनिट्स हुआ करती थी, जो अब घटकर 13-14 मिलियन यूनिट्स पर आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत और चीन जैसे बड़े बाजारों में कंपनी की स्थिति और भी कमजोर हुई है, जबकि इन्हीं देशों में OnePlus की सबसे ज्यादा बिक्री होती थी।

भारत में बंद हो गए हजारों स्टोर

IDC के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में भारत में OnePlus का मार्केट शेयर करीब 33 प्रतिशत गिरकर सिर्फ 4 प्रतिशत रह गया। इसी दौरान देशभर में कंपनी के 4,500 से ज्यादा रिटेल स्टोर्स बंद हो गए।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कई भारतीय सेलर्स ने OnePlus के फोन बेचना बंद कर दिया, क्योंकि उन्हें इसमें पर्याप्त मुनाफा नहीं मिल रहा था। वहीं चीन में भी कंपनी का हाल कुछ बेहतर नहीं रहा और वहां OnePlus का मार्केट शेयर 2 प्रतिशत से गिरकर 1.6 प्रतिशत रह गया।

अपकमिंग स्मार्टफोन किए गए कैंसिल?

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि OnePlus ने अपने कुछ बड़े अपकमिंग प्रोडक्ट्स को कैंसिल कर दिया है। इनमें OnePlus Open 2 फोल्डेबल फोन और OnePlus 15s शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द लॉन्च किया जाना था। इन दावों ने यूजर्स के बीच और ज्यादा हलचल मचा दी है।

मौजूदा OnePlus यूजर्स का क्या होगा?

OnePlus के बंद होने की अटकलों के बीच सबसे बड़ा सवाल मौजूदा यूजर्स को लेकर है। रिपोर्ट के मुताबिक, ओप्पो ने साफ किया है कि मौजूदा OnePlus यूजर्स को सिक्योरिटी अपडेट और वारंटी सपोर्ट मिलता रहेगा। गौरतलब है कि OnePlus, चाइनीज कंपनी Oppo का सब-ब्रांड है और हाल ही में Oppo ने अपने एक और सब-ब्रांड Realme को भी अपने साथ मर्ज किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com