

Apple Software Update: Apple का जाना माना इवेंट WWDC 2026 अब बस कुछ ही दिन दूर है। 8 जून से शुरू होने वाले इस सालाना आयोजन में कंपनी iOS 27 समेत कई बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट्स पेश कर सकती है। इसके साथ ही हर साल की तरह इस साल भी कुछ पुराने iPhone यूजर्स के लिए इस अपडेट को नहीं लाया जाएगा। वहीं रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि iOS 27 के साथ कई फेमस iPhone मॉडल्स को ऑफिशियल सपोर्ट लिस्ट से बाहर कर दिया जाएगा जिससे लाखों यूजर्स नए फीचर्स और अपग्रेड्स का फायदा नहीं उठा पाएंगे।
चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर टिप्स्टर Instant Digital की एक हालिया पोस्ट में बताया है कि iOS 27 केवल iPhone 12 सीरीज और उससे नए मॉडल्स के लिए उपलब्ध किया जाने वाला है। ऐसे में अगर यह दावा सही रहा तो iPhone 11, iPhone 11 Pro, iPhone 11 Pro Max और दूसरी पीढ़ी का iPhone SE जो 2020 में आए थे में नए ऑपरेटिंग सिस्टम से वंचित रह सकते हैं। लेकिन यह जानना भी जरूरी है कि इन डिवाइसेज को कुछ समय तक iOS 26 के सिक्योरिटी अपडेट्स मिलते रहेंगे जिससे उनकी सुरक्षा में कमी नहीं आएगी।
रिपोर्ट्स में जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार iOS 27 का सपोर्ट iPhone 12, iPhone 13, iPhone 14, iPhone 15, iPhone 16 और हाल ही में लॉन्च हुई iPhone 17 सीरीज को मिलेगा। साथ ही तीसरी पीढ़ी का iPhone SE भी इस अपडेट में शामिल किया गया है। जैसा की आप को पता है कि एप्पल अपने पुराने डिवाइसेज को कई सालो तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट देता है लेकिन हार्डवेयर सीमाओं और नए AI फीचर्स की बढ़ती जरूरतों के कारण पुराने मॉडल्स को धीरे-धीरे सपोर्ट लिस्ट से हटाया भी जाता है।
बता दें कि इस बार iOS 27 में सबसे ज्यादा चर्चा Apple Intelligence की हो रही है। जिसको लेकर कहा जा रहा है कि कंपनी अपने AI फीचर्स को और ज्यादा एडवांस बनाने पर काम कर रही है। वहीं रिपोर्ट्स में Siri पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और संवादात्मक भी हो सकती है। जिससे यूजर्स को ChatGPT जैसी बातचीत करने का फीचर मिलेगा। इसके साथ ही इसमें Camera, Photos, Wallet और Shortcuts जैसे सिस्टम ऐप्स में भी AI आधारित नए फीचर्स को शामिल किया जाएगा।