1000 घंटे से ज्यादा इंटरनेट बंद, इस देश में हालात इतने खराब कि लोग हो गए दुनिया से कट

Iran Internet Shutdown: एक देश ऐसा भी है जहां लोग इंटरनेट के बिना जीने को मजबूर हैं। ईरान में चल रहा इंटरनेट संकट अब इतिहास के सबसे लंबे नेटवर्क ब्लैकआउट में शामिल हो चुका है।
Internet shutdown for over 1000 hours Iran Internet
Iran Internet (Source. Freepik)
Published on
Updated on

Iran Internet Blackout: दुनिया तेजी से डिजिटल होती जा रही है, लेकिन एक देश ऐसा भी है जहां लोग इंटरनेट के बिना जीने को मजबूर हैं। ईरान में चल रहा इंटरनेट संकट अब इतिहास के सबसे लंबे नेटवर्क ब्लैकआउट में शामिल हो चुका है। इंटरनेट मॉनिटरिंग ग्रुप "NetBlocks" के मुताबिक, यहां इंटरनेट बंदी 1000 घंटे से ज्यादा समय तक पहुंच चुकी है, जिससे आम लोगों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है।

1000 घंटे से ज्यादा का इंटरनेट ब्लैकआउट

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में इंटरनेट सेवाएं 1000 घंटे से भी अधिक समय से बाधित हैं। "NetBlocks" ने अपने ताजा डेटा में बताया कि देश में नेटवर्क कनेक्टिविटी लगभग पूरी तरह ठप हो चुकी है। मार्च की शुरुआत से इंटरनेट का स्तर गिरकर केवल 1 प्रतिशत तक रह गया और 10 अप्रैल तक भी इसमें कोई सुधार नहीं हुआ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए ग्राफ में यह गिरावट साफ देखी जा सकती है। यह स्थिति आधुनिक डिजिटल इतिहास की सबसे लंबी इंटरनेट बंदियों में से एक मानी जा रही है।

सिर्फ 1% कनेक्टिविटी, जिंदगी हुई प्रभावित

Iran Internet कनेक्टिविटी लगभग खत्म होने की कगार पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में नेटवर्क पहुंच सिर्फ 1 प्रतिशत तक सीमित रह गई है। इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ा है। लोग न तो ठीक से ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल कर पा रहे हैं और न ही दुनिया से संपर्क बना पा रहे हैं। ज्यादातर यूजर्स अब केवल सीमित घरेलू नेटवर्क तक ही सिमटकर रह गए हैं, जिससे कामकाज, पढ़ाई और संचार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

क्या है इस ब्लैकआउट की असली वजह?

रिपोर्ट के अनुसार, यह Iran Internet शटडाउन 28 फरवरी से शुरू हुआ था। कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स और "NetBlocks" के पुराने डेटा के मुताबिक, इसकी वजह अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और हमले माने जा रहे हैं। इन घटनाओं के बाद हालात बिगड़ते गए और इंटरनेट पर प्रतिबंध लगातार जारी रहा। बताया जा रहा है कि इन हमलों में हजारों लोगों की जान भी गई, जिसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई।

40 दिनों से ज्यादा का संकट, अभी राहत नहीं

यह इंटरनेट ब्लैकआउट अब 40 दिनों से भी ज्यादा समय तक जारी है और अभी तक सामान्य स्थिति लौटने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। यह दुनिया के सबसे लंबे राष्ट्रीय इंटरनेट शटडाउन में शामिल हो चुका है।

डिजिटल दुनिया से कटे लोग

इस लंबे ब्लैकआउट ने ऑनलाइन सेवाओं, संचार और सूचना के आदान-प्रदान को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। आम लोग अब डिजिटल दुनिया से लगभग कट चुके हैं और रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com