

नई दिल्ली: देश की लोकप्रिय ट्रैवल बुकिंग वेबसाइट MakeMyTrip को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। EaseMyTrip के को-फाउंडर और चेयरमैन निशांत पिट्टी ने आरोप लगाया है कि MakeMyTrip के तार सीधे तौर पर चीन से जुड़े हुए हैं, और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
निशांत पिट्टी ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "भारतीय जवान चीन के स्वामित्व वाली कंपनी से ऑनलाइन डिस्काउंट रेट पर टिकट बुक कर रहे हैं।" उन्होंने दावा किया कि MakeMyTrip डिफेंस पर्सनल को टिकट बुकिंग के दौरान उनकी डिफेंस आईडी, यात्रा की तारीख और रूट की डिटेल मांगता है। इससे देश विरोधी ताकतों को भारतीय जवानों की मूवमेंट की सटीक जानकारी मिल सकती है।
EaseMyTrip के चेयरमैन ने अपनी बात को पुख्ता करने के लिए स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए और कहा, "MakeMyTrip के 10 में से 5 बोर्ड मेंबर्स का सीधा संबंध चीन से है।" निशांत का मानना है कि इस खामी को तुरंत ठीक किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सीधे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
निशांत पिट्टी के आरोपों पर MakeMyTrip ने तीखा जवाब देते हुए कहा, "MakeMyTrip एक गर्वित भारतीय कंपनी है, जिसकी स्थापना भारतीयों ने की है और इसका हेडक्वार्टर भारत में ही है। हम देश के सभी कानूनों और डेटा गोपनीयता मानकों का पालन करते हैं।" कंपनी ने यह भी कहा कि वह 25 वर्षों से लाखों भारतीयों की पसंद बनी हुई है और सुरक्षा तथा डेटा प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखती है।
हालांकि निशांत पिट्टी का कहना है, "चाहे आरोपों का खंडन किया गया हो, लेकिन जब बात देश की सुरक्षा की हो, तब चुप रहना कोई विकल्प नहीं है।"