

iPhone 18 Pro India: भारत में शुक्रवार से iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री शुरू हो गई है। वहीं हर साल की तरह इस बार भी नए iPhone को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जिसमें दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में Apple Store खुलने से पहले ही खरीदारों की लंबी कतारें लग गईं। जिसमें नोएडा के DLF Mall of India स्थित Apple Store के बाहर भी सुबह से ही लोगों की भीड़ नजर आई। इनमें कोई पत्नी के लिए फोन खरीदने पहुंचा था तो कोई होने वाली पत्नी को खास तोहफा देने के लिए।
नोएडा Apple Store पर सुबह 8 बजे स्टोर खुलने से काफी पहले पहुंचे एक खरीदार ने बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro खरीदने आया है। पत्नी ने खास तौर पर बरगंडी कलर की मांग की थी। जब उससे पूछा गया कि उसने इसी मॉडल का इंतजार क्यों किया तो उसने कहा, "आज पैसा है, पहले नहीं था। आगे होगा या नहीं, यह किसने देखा है, बस आज हम जी रहे हैं।" इस फोन को खरीदने के लिए उसने अपना सोना तक बेच दिया। आगे खरीदार ने कहा, "सोना बेचकर ही तो ये लेने आए हैं।" उसकी यह बात स्टोर के बाहर चर्चा का विषय बन गई थी।
iPhone को लेकर उत्साह की एक और कहानी पंजाब से सामने आई। जिसमें गुरदित्ता सिंह अपने दोस्त के साथ सुबह करीब 6 बजे नोएडा Apple Store की लाइन में लग गए थे। जल्द शादी करने जा रहे गुरदित्ता अपनी मंगेतर को iPhone 18 Pro गिफ्ट करना चाहते थे। उन्होंने मंगेतर के लिए iPhone 18 Pro और खुद के लिए iPhone 18 Pro Max खरीदा। दोनों फोन पर उनका खर्च 3.5 लाख रुपये से ज्यादा रहा।
iPhone 18 Pro सीरीज की कीमत इस बार बढ़ी है लेकिन स्टोर के बाहर मौजूद खरीदारों में इसे लेकर खास चिंता नहीं दिखी। एक कपल ने कहा, "कीमत जरूर बढ़ी है, लेकिन आईफोन लवर्स इसे हर हाल में खरीदेंगे।" हरियाणा से आए एक खरीदार ने भी कहा, "इससे कोई दिक्कत नहीं है, हम मैनेज कर लेंगे।" लेकिन बिना प्री-ऑर्डर पहुंचे कुछ ग्राहकों को मायूसी हाथ लगी। एक व्यक्ति ने कहा, "हमें पता नहीं था कि प्री-ऑर्डर करना जरूरी है, अब देखते हैं अंदर घुसने के लिए कुछ पैसे देकर काम बन जाए।"
जानकारी के लिए बता दें कि iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900 और iPhone 18 Pro Max की कीमत ₹1,79,900 है। दोनों के बेस मॉडल में 256GB स्टोरेज मिलता है जबकि 512GB, 1TB और 2TB विकल्प भी उपलब्ध हैं। फोन ब्लैक, सिल्वर, ग्लेसियर और बरगंडी रंगों में आते हैं। इसके फीचर्स की बात करें तो दोनों मॉडल में A20 Pro चिप, नेक्स्ट-जेनरेशन वेपर चेंबर और 48MP मेन कैमरा दिया गया है। कैमरे में वेरिएबल अपर्चर फीचर भी मिलता है। iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और Pro Max में 6.9 इंच OLED डिस्प्ले है। Pro Max में 43 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का दावा किया गया है। दोनों फोन iOS 27 और नई Siri AI सुविधाओं के साथ आते हैं।