

How To File A Complaint On The Train: भारत देश में ज्यादातर लोग ट्रेन से ही सफर करते है और आमतौर पर इस तरह के सफर को सुविधाजनक और किफायती माना जाता है लेकिन यात्रा के दौरान कई बार ऐसी परेशानियां सामने आ जाती हैं जो पूरे सफर का मजा खराब कर देती हैं। जिसमें कभी कोच का AC काम नहीं करता तो कभी साफ-सफाई की समस्या होती है वहीं कभी सुरक्षा से जुड़ी परेशानी सामने आ जाती है। ऐसी स्थिति में शिकायत करने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। क्योंकि भारतीय रेलवे की Rail Madad सेवा के जरिए यात्री अपनी सीट पर बैठे-बैठे मोबाइल से शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उसकी स्थिति भी ऑनलाइन देख सकते हैं।
Rail Madad के बारे में बताए तो यह भारतीय रेलवे की आधिकारिक शिकायत और सहायता सेवा वाला ऐप है। इसका इस्तेमाल ऐप के साथ-साथ ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी किया जा सकता है। जिसमें यात्री कुछ आसान स्टेप्स में अपनी समस्या की जानकारी देकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। वहीं इसकी खासियत यह है कि शिकायत दर्ज करने के बाद यात्रियों को एक शिकायत ID मिलती है। इसी ID की मदद से वे आगे की कार्रवाई को ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं। इससे शिकायत के लिए संबंधित अधिकारी तक पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाता है।
जानकारी में बताया जाता है कि यात्रा के दौरान कोच में AC से जुड़ी समस्या, साफ-सफाई की परेशानी, ट्रेन की देरी या अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित शिकायत Rail Madad पर दर्ज की जा सकती है। वहीं जरूरत पड़ने पर यात्री अपनी समस्या की फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। जिसको लेकर बताया जाता है कि फोटो उपलब्ध होने से रेलवे कर्मचारियों को समस्या को समझने और उसकी पुष्टि करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा इसमें यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी जैसे PNR, ट्रेन नंबर या स्टेशन की जानकारी भी दर्ज करनी होती है। लेकिन सुरक्षा या मेडिकल जैसी तत्काल जरूरत वाली स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 139 का इस्तेमाल करना ज्यादा उचित माना जाता है।
अगर आप भी शिकायत दर्ज करना चाहते है तो उसके लिए सबसे पहले Android फोन में Google Play Store या iPhone में Apple App Store से Rail Madad ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद ऐप खोलकर शिकायत की कैटेगरी चुनें। यहां कोच से जुड़ी समस्या, देरी, सुरक्षा या अन्य विकल्प मिल सकते हैं। इसके बाद PNR नंबर, ट्रेन नंबर या जरूरी यात्रा संबंधी जानकारी भरें। अपनी समस्या को स्पष्ट तरीके से दर्ज करें और यदि संभव हो तो संबंधित फोटो भी अपलोड करें। शिकायत सबमिट करने के बाद आपको एक Complaint ID मिलेगी।
वहीं शिकायत दर्ज होने के बाद मामला खत्म नहीं होता। यात्री अपनी Complaint ID के जरिए ऑनलाइन उसकी स्थिति देख सकते हैं और यह पता लगा सकते हैं कि शिकायत पर क्या कार्रवाई हो रही है। ऐसे में अगली बार ट्रेन में AC खराब हो, गंदगी मिले या किसी सुविधा से जुड़ी परेशानी हो तो परेशान होकर इधर-उधर घूमने की जरूरत नहीं। मोबाइल से कुछ टैप में शिकायत दर्ज करके उसकी स्थिति भी देखी जा सकती है। इससे सफर के दौरान समय बचाने के साथ समस्या के समाधान की प्रक्रिया भी आसान हो जाती है।