500 रुपये की गलती, हजारों का नुकसान, अनजान पेन ड्राइव लगाते ही फोन-लैपटॉप हो सकता है डेड

What is USB Killer: आपको कहीं कोई अनजान पेन ड्राइव मिले, तो उसे इस्तेमाल करने से पहले सौ बार सोचिए। यह एक साधारण USB नहीं, बल्कि USB Killer भी हो सकता है, जो आपके डिवाइज के लिए खतरा है।
500 Mistake Losses Worth Thousands Plugging in an Unknown Pen USB
USB Killer (Source. Freepik)
Published on
Updated on

USB Killer Device Safety: आज के डिजिटल दौर में छोटे-छोटे गैजेट्स हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। लेकिन अगर आपको कहीं कोई अनजान पेन ड्राइव मिले, तो उसे इस्तेमाल करने से पहले सौ बार सोचिए। यह एक साधारण USB नहीं, बल्कि "USB Killer" भी हो सकता है, जो आपके महंगे फोन या लैपटॉप को सेकंड्स में हमेशा के लिए खराब कर सकता है।

क्या होता है USB Killer?

USB Killer नाम से ही साफ है कि यह डिवाइस किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को खत्म करने के लिए बनाया जाता है। देखने में यह बिल्कुल एक सामान्य पेन ड्राइव जैसा लगता है, जिससे लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं। लेकिन इसका असली काम डेटा स्टोर करना नहीं, बल्कि डिवाइस को डेड करना होता है। जैसे ही इसे किसी फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर में लगाया जाता है, यह तुरंत नुकसान पहुंचाना शुरू कर देता है।

क्यों है इतना खतरनाक?

USB Killer की सबसे बड़ी खतरनाक बात यह है कि इसे पहचान पाना लगभग नामुमकिन होता है। यह दिखने में एक साधारण USB ड्राइव जैसा ही होता है, लेकिन इसकी ताकत बेहद खतरनाक होती है। जैसे ही इसे किसी डिवाइस से जोड़ा जाता है, यह तेज वोल्टेज करंट भेजता है। कुछ ही सेकंड में डिवाइस पूरी तरह बंद हो सकता है और दोबारा चालू भी नहीं होता। सबसे बड़ा नुकसान यह है कि यह डिवाइस सीधे मदरबोर्ड की मेन IC को टारगेट करता है, जिससे डिवाइस का रिपेयर होना लगभग असंभव हो जाता है।

कैसे करता है काम?

USB Killer बहुत चालाकी से काम करता है। जब इसे USB पोर्ट में लगाया जाता है, तो यह डिवाइस के 5 वोल्ट सप्लाई से बिजली खींचना शुरू करता है। इसके अंदर लगे कैपेसिटर्स इस बिजली को स्टोर करते हैं। जैसे ही ये पूरी तरह चार्ज हो जाते हैं, डिवाइस का सर्किट इस कम वोल्टेज को तेजी से कई सौ वोल्ट में बदल देता है। इसके बाद यह हाई वोल्टेज एक झटके में वापस USB पोर्ट के जरिए डिवाइस में छोड़ दिया जाता है, जिससे अंदर के सर्किट्स जल जाते हैं और डिवाइस हमेशा के लिए खराब हो जाता है।

कैसे बचें इस खतरे से?

किसी भी अनजान USB ड्राइव को अपने डिवाइस में न लगाएं

  • पब्लिक जगहों पर मिलने वाले गैजेट्स से दूरी बनाए रखें
  • हमेशा भरोसेमंद सोर्स से ही एक्सेसरी खरीदें
  • ऑफिस या घर में सिक्योरिटी अवेयरनेस रखें

आपकी एक गलती, बड़ा नुकसान

एक छोटी सी लापरवाही आपके हजारों रुपये के डिवाइस को बेकार कर सकती है। इसलिए अगली बार अगर कोई अनजान पेन ड्राइव दिखे, तो उसे इस्तेमाल करने से पहले जरूर सोचें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com