UP में हुई गरीब बेटियों की वीआईपी अंदाज में शादी, CM योगी ने दिया आशीर्वाद, फिल्म सुपरस्टार रविकिशन ने गाया गाना

File Photo - 2023-06-22T162035.934
File Photo
Published on: 
Updated on: 

गोरखपुर: इन गरीब बेटियों के पाल्यों ने शायद कभी यह कल्पना नहीं की थी कि उनकी बिटिया की शादी इतने वीआईपी अंदाज में होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आशीर्वाद देने खुद आएंगे और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार, सांसद रविकिशन मंगलगीत गाएंगे। पर, सीएम योगी की पहल, उनकी संवेदनशीलता और आत्मीयता से गरीब बेटियों व उनके पाल्यों के लिए अकल्पनीय यह नजारा हकीकत में नजर आया। 

मुख्यमंत्री खुद आए थे शादी  में

गरीब परिवारों का कल्याण और उनकी खुशी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए निजी दिलचस्पी का विषय होता है। गुरुवार को चंपा देवी पार्क मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उनकी आत्मीयता पूर्ण मौजूदगी 1500 वधू और 1500 वर पक्ष के लोगों को अभिभूत करने वाली थी। इन लोगों के लिए यह क्षण इसलिए भी अभूतपूर्व था कि उनके घर वैवाहिक कार्यक्रम में शायद ही कोई वीआईपी पहुंचता। पर, यहां तो मुख्यमंत्री खुद आए थे। आशीर्वाद देने, शगुन किट गिफ्ट देने। उनके साथ मेयर, एमपी, एमएलए, एमएलसी भी, यानी करीब दर्जन भर जनप्रतिनिधि भी गरीबों की खुशियों का साक्षी बनने। 

रविकिशन ने मंगलगीत गाने के लिए खुद माइक थाम लिया

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी तो खास थी ही, माहौल में उस वक्त उमंग का रंग और चढ़ गया जब भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और सांसद रविकिशन ने मंगलगीत गाने के लिए खुद माइक थाम लिया। रविकिशन ने पीली पगड़िया वाला बन्ना, पीयर सरसो, बन्नी के भैया जैसे गीतों से माहौल को मंगल और मस्ती के संगम पर पहुंचा दिया। इस दौरान जब उन्होंने अलहदा अंदाज में संगीतकार से ढोलक पर ठेका देने और लोक गायक राकेश उपाध्याय से संगत देने को कहा तो मुख्यमंत्री भी हंसने लगे। इस बीच रविकिशन ने विधायक राजेश त्रिपाठी को भी माइक तक गाने के लिए खींच लिया था। रविकिशन ने बीच में लोगों को यह भी सुनाया कि महाराज जी ने उनसे मंगलगीत गाने को कहा है। यह सुन, सीएम मुस्कुराने लगे।