लखनऊ: देश की नारी शक्ति के सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति के चौथे चरण (Mission Shakti 4.0) के तहत प्रदेश भर में महिलाओं को जागरुक करने, योगी सरकार की योजनाओं की जानकारी देने (Awareness), उनकी समस्या का मौके पर ही निस्तारण करने एवं बच्चों को गुड और बैड टच की जानकारी देने समेत अन्य विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मालूम हो कि इन सभी कार्यक्रमों का आगाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अक्टूबर को अपने सरकारी आवास से महिला सशक्तिकरण रैली रवाना कर किया था। योगी सरकार के मिशन शक्ति के चौथे चरण को सफल बनाने के लिए हजारों पुलिस कर्मचारी-अधिकारी एवं विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रदेश की ग्राम पंचायतों, वार्ड, मोहल्लों, स्कूल, कॉलेज एवं शारदीय नवरात्र में स्थापित पंडाल (Puja Pandals), रामलीला मंच के साथ मेला स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के थीम साॅन्ग, ध्वनि संदेश और परिचर्चा का आयोजन भी किया गया।
47 हजार से अधिक स्कूल-कॉलेज में बच्चों को दी गई गुड और बैड टच की जानकारी
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की अपर पुलिस महानिदेशक एवं मिशन शक्ति की नोडल पद्मजा चौहान ने बताया कि मिशन शक्ति के चौथे चरण के तहत 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक यूपी पुलिस एवं विभिन्न विभाग की ओर से प्रदेश के 2,41,232 पूजा पंडाल, रामलीला एवं मेला स्थल का भ्रमण किया गया है। इसके साथ ही टीम ने 1,14,810 ग्राम पंचायतों एवं 36,480 वार्डों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये, जिसमें 39,64,889 महिला और 37,76,789 पुरुष शामिल हुए। इस दौरान योगी सरकार की विभिन्न जानकारियों से जुड़ी 26,47,072 प्रचार सामग्री वितरित की गयी।