

Zimbabwe Defeat Namibia By 5 Runs: जिम्बाब्वे ने T20 त्रिकोणीय सीरीज 2026 के तीसरे मुकाबले में नामीबिया को रोमांचक अंदाज में 5 रन से हरा दिया। विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम आखिरी गेंद पर 190 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
जिम्बाब्वे की जीत के हीरो ब्रैड इवांस रहे। उन्होंने बल्ले से 25 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए और गेंदबाजी में 41 रन देकर 3 विकेट चटकाए। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी रही। ब्रायन बेनेट और बेन करन ने पहले विकेट के लिए 36 गेंदों में 64 रन जोड़े। बेनेट ने 21 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसके बाद जिम्बाब्वे ने तेजी से विकेट गंवाए और 79 रन तक उसके 5 खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे।
मुश्किल स्थिति में रेयान बर्ल ने पारी संभाली। उन्होंने 32 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल था। बर्ल ने ब्रैड इवांस के साथ 94 रन की अहम साझेदारी की। इवांस ने नाबाद 37 रन बनाकर टीम का स्कोर 195 रन तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने 28 रन तक दो विकेट गंवा दिए।
इसके बाद भी विकेट गिरते रहे और 76 रन तक उसके 6 विकेट गिर चुके थे। यहां से अलेक्जेंडर वोल्शेंक और जेन ग्रीन ने मैच का रुख बदल दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 109 रन जोड़कर नामीबिया को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। ग्रीन ने 54 रन बनाए, जबकि वोल्शेंक ने 56 रन की पारी खेली।
नामीबिया को अंतिम ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। गेंद ब्रैड इवांस के हाथ में थी। पहली गेंद नो-बॉल रही और वोल्शेंक ने दो रन लिए। फ्री हिट पर भी वो सिर्फ दो रन ही बना सके।
इसके बाद जेन ग्रीन रन आउट हो गए। वोल्शेंक ने चौका लगाकर नामीबिया की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन चौथी गेंद पर उनका कैच लपक लिया गया। अगली गेंद पर बर्नार्ड शोल्ट्ज रन आउट हो गए।
अब आखिरी गेंद पर नामीबिया को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। ब्रैड इवांस ने जैक ब्रासेल को बोल्ड कर दिया और जिम्बाब्वे ने 5 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने सीरीज में अपना खाता खोल लिया। वहीं, पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराने वाली नामीबिया को पहली हार का सामना करना पड़ा। इससे त्रिकोणीय सीरीज का मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।