

Aryna Sabalenka Smashed Racket After Loss: कजाकिस्तान की दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी एलेना रायबाकिना ने एरिना सबालेंका को हराकर यूएस ओपन 2026 महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। रायबाकिना ने फाइनल में दुनिया की नंबर-2 खिलाड़ी सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से मात दी। ये रायबाकिना का पहला यूएस ओपन और कुल तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है।
इस हार के साथ सबालेंका का लगातार तीसरी बार यूएस ओपन महिला एकल खिताब जीतने का सपना भी टूट गया। अगर वो इस बार खिताब जीत जातीं, तो ओपन युग में लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली क्रिस एवर्ट और सेरेना विलियम्स के बाद तीसरी महिला खिलाड़ी बन जातीं।
यूएस ओपन फाइनल में हार के बाद सबालेंका काफी निराश नजर आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वो गुस्से में अपना रैकेट जमीन पर पटकती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कई बार रैकेट को जमीन पर पटका, जिसके बाद वो पूरी तरह टेढ़ा हो गया।
ट्रॉफी सेरेमनी के बाद भी सबालेंका काफी शांत और निराश नजर आईं। वह अपनी टीम के साथ बैठी थीं। इस दौरान एक वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। ऐसा लगा कि वो हार के बाद कुछ समय अकेले रहना चाहती थीं।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबालेंका ने अपनी भावनाओं के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि ग्रैंड स्लैम फाइनल हारने और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश के दौरान भावनाओं को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने बताया कि कोर्ट पर अपनी भावनाओं को रोकने के बजाय वह गुस्सा और निराशा बाहर निकालना चाहती थीं।
रायबाकिना का ये इस साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। उन्होंने इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी सबालेंका को हराकर खिताब जीता था। वो विंबलडन भी जीत चुकी हैं। अब उनके नाम तीन ग्रैंड स्लैम खिताब हो गए हैं। करियर का ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए उन्हें अब सिर्फ फ्रेंच ओपन का खिताब जीतना बाकी है।