हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत सहित 8 टीमों की एंट्री पक्की, जानें बाकी टीमों के लिए क्वालिफिकेशन प्रोसेस

Teams qualified for Hockey World Cup 2026: भारत ने एशिया कप जीतकर हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब तक 8 टीमें क्वालिफाई कर चुकी हैं, जानें बाकी 8 स्थानों के लिए क्या है प्रक्रिया।
हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत सहित 8 टीमों की एंट्री पक्की, जानें बाकी टीमों के लिए क्वालिफिकेशन प्रोसेस
भारतीय हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Teams qualified for Hockey World Cup 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और इसके साथ ही हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह वर्ल्ड कप अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।

अब तक इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए कुल 8 टीमें क्वालीफाई कर चुकी हैं, जिनमें अब भारत का नाम भी शामिल हो गया है। भारतीय टीम की यह जीत न केवल एशिया कप का खिताब दिलाने वाली रही, बल्कि वर्ल्ड कप में अपनी जगह सुनिश्चित करने वाली भी बनी। हालांकि भारत ने केवल एक बार ही वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। भारत ने 1975 में कुआलालंपुर में खेले गए वर्ल्ड कप में खिताब जीता था।

भारत के अलावा इन देशों ने भी किया क्वालीफाई

भारत के अलावा 7 और देशों ने भी हॉकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। बेल्जियम और नीदरलैंड को मेज़बान देशों के रूप में वर्ल्ड कप 2026 में सीधी एंट्री मिली है, क्योंकि यह टूर्नामेंट इन दोनों देशों में संयुक्त रूप से आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया ने FIH प्रो लीग 2023-24 का खिताब जीतकर वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की की।

तीसरे स्थान पर रहने के बाद भी स्पेन ने किया क्वालीफाई

स्पेन ने FIH प्रो लीग 2024-25 में तीसरे स्थान पर रहकर क्वालिफाई किया, क्योंकि उस टूर्नामेंट के पहले दो स्थानों पर रहने वाली टीमें  बेल्जियम और नीदरलैंड  पहले ही मेजबान होने के कारण क्वालिफाई कर चुकी थीं। अर्जेंटीना ने पैन अमेरिकन कप 2025 जीतकर सीधे वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया।

जर्मनी ने यूरो हॉकी चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में पहुंचकर क्वालिफिकेशन हासिल किया, जहां उसका सामना नीदरलैंड से हुआ जो पहले से ही मेज़बान के तौर पर क्वालिफाई कर चुका था। न्यूज़ीलैंड ने ओशिनिया कप 2025 का खिताब जीतकर वर्ल्ड कप में जगह बनाई।

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई करने वाली टीमें

क्रम देश किसके माध्यम से क्वालिफाई किया
1 भारत एशिया कप 2025 जीतकर
2 बेल्जियम मेज़बान (को-होस्ट)
3 नीदरलैंड मेज़बान (को-होस्ट)
4 ऑस्ट्रेलिया FIH प्रो लीग 2023-24 जीतकर
5 स्पेन FIH प्रो लीग 2024-25 में तीसरे स्थान पर (बेल्जियम और नीदरलैंड पहले से क्वालिफाई थे)
6 अर्जेंटीना पैन अमेरिकन कप 2025 जीतकर
7 जर्मनी यूरो हॉकी चैंपियनशिप 2025 फाइनल में पहुंचकर
8 न्यूज़ीलैंड ओशिनिया कप 2025 जीतकर

अब सिर्फ 8 टीमों की ही बची है जगह

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए अब तक कुल 8 टीमें क्वालिफाई कर चुकी हैं, जबकि टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों को हिस्सा लेना है। इसका मतलब है कि अभी 8 स्थान खाली हैं। इन बचे हुए स्थानों में से एक स्थान अफ्रीका की महाद्वीपीय चैंपियन टीम को मिलेगा, जो अपने कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के जरिए क्वालिफाई करेगी। बाकी 7 टीमें एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 के जरिए चुनी जाएंगी। इन क्वालिफायर टूर्नामेंट्स में दुनियाभर की टीमें हिस्सा लेंगी और प्रदर्शन के आधार पर वर्ल्ड कप में जगह बनाएंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com