हॉकी एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत के पास आखिरी मौका, चीन से होगा निर्णायक मुकाबला

Hockey Asia Cup 2025: हॉकी एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को अपने आखिरी सुपर-4 मुकाबले में जीत की जरूरत है। इस टूर्नामेंट के जरिए भारतीय टीम की नजरें वर्ल्ड कप भी टिकी है।
हॉकी एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत के पास आखिरी मौका, चीन से होगा निर्णायक मुकाबला
भारतीय हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Hockey Asia Cup in Bihar: हॉकी एशिया कप की मेजबानी बिहार कर रहा है। इस टूर्नामेंट में लीग के मुकाबले हो गए हैं। अब सुपर-4 का मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम को सुपर-4 के अपने आखिरी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम के पास आखिरी मौका होगा।

भारतीय टीम को कल 6 सितंबर शनिवार को चीन से सामना करना होगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम को किसी भी हाल में जीत चाहिए होगा। भारतीय टीम ने सुपर-4 के पहले मुकाबले में साउथ कोरिया के साथ 2-2 का ड्रॉ खेला। उसके बाद भारत ने दूसरे सुपर-4 में मलेशिया को 4-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के बाद भारतीय टीम का मनोबल बढ़ा हुआ है।

साउथ कोरिया फाइनल की रेस से हुआ बाहर

भारत दो मैचों में चार अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि चीन और मलेशिया के तीन अंक है। कोरिया एक अंक लेकर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है। सुपर 4 चरण से शीर्ष दो टीमें फाइनल में जायेंगी और भारत के लिये एक ड्रॉ भी काफी होगा। अब ये तो साफ हो गया है कि भारत, चीन और मलेशिया में से किसी दो टीमों के बीच फाइनल का मुकाबला खेला जाएगा।

मलेशिया पर मिली जीत के बारे में कोच ने क्या कहा?

कोरिया के खिलाफ औसत प्रदर्शन के बाद भारत ने मलेशिया के खिलाफ बेहतर खेल दिखाया हालांकि शुरूआत बहुत अच्छी नहीं रही। भारत ने शुरूआती गोल गंवा दिया लेकिन इसके बाद शानदार वापसी की। मलेशिया पर मिली जीत के बारे में मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा कि अभी भी यह टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं है और भारतीय खिलाड़ियों को पता है कि उनसे अपेक्षायें बहुत ज्यादा है।

इन खिलाड़ियों ने किया प्रभावित

टूर्नामेंट में अभी तक मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद और राजिंदर सिंह ने मिडफील्ड में अच्छा खेल दिखाया है। मलेशिया के खिलाफ फॉरवर्ड पंक्ति से उनका तालमेल कमाल का था। हार्दिक ने खास तौर पर तेज ड्रिबलिंग और अकेले गेंद लेकर दौड़ते हुए कई मौके बनाये। वहीं मनप्रीत ने दिखा दिया कि अभी भी उनके भीतर जीत की भूख कम नहीं हुई है । उन्होंने न सिर्फ मौके बनाये बल्कि गोल के सूत्रधार भी रहे। अभिषेक, सुखजीत सिंह और मनदीप सिंह ने आक्रमण का जिम्मा बखूबी संभाला और आगे भी इस लय को कायम रखना चाहेंगे।

चीन ने अपने प्रदर्शन में किया सुधार

दूसरी ओर पूल चरण में भारत से 3-4 से हारने के बाद से चीन ने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। लिहाजा भारतीय टीम को एहतियात बरतनी होगी क्योंकि मामूली सी गलती से अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिये सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। सुपर 4 चरण के एक अन्य मैच में मलेशिया का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। (भाषा इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com