FIFA World Cup 2026: स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराया, सेमीफाइनल में फ्रांस से होगी टक्कर

Spain Defeated Belgium: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला फ्रांस से होगा।
FIFA World Cup 2026: Spain defeated Belgium 2-1; will face France in the semi-finals.
मिकेल मेरिनो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Spain Qualifies Semi-Finals: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की कर ली। लॉस एंजिल्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिर तक कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन आखिरी मिनटों में स्पेन ने बाजी मार ली। अब सेमीफाइनल में उसका सामना फ्रांस से होगा।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने किए गोल

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। स्पेन को 30वें मिनट में बढ़त मिली, जब फाबियन रूइज ने शानदार गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। हालांकि बेल्जियम ने जल्द ही वापसी की और 41वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलारे ने हेडर के जरिए गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। इसी गोल के साथ स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन का लगातार 560 मिनट तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड भी टूट गया।

मेरिनो ने आखिरी समय में दिलाई जीत

दूसरे हाफ में दोनों टीमें लगातार गोल करने की कोशिश करती रहीं, लेकिन 87वें मिनट तक कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी। ऐसा लग रहा था कि मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से होगा। तभी 88वें मिनट में मिकेल मेरिनो ने गोलपोस्ट के पास शानदार शॉट लगाकर स्पेन को 2-1 की बढ़त दिला दी। ये गोल मैच का निर्णायक पल साबित हुआ और स्पेन ने जीत के साथ फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

अब फ्रांस से होगा बड़ा मैच

क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद अब स्पेन की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। सेमीफाइनल में उसकी टक्कर पिछली बार की उपविजेता फ्रांस से होगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला भारतीय समयानुसार 15 जुलाई की देर रात 12:30 बजे खेला जाएगा। यह मैच टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com