कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की बड़ी कामयाबी, ऋषिकांत सिंह ने वेटलिफ्टिंग में दिलाया सिल्वर मेडल

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने पुरुष 60 किग्रा वर्ग में कुल 264 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक जीता। यह भारत का पहला सिल्वर और कुल दूसरा पदक है।
Rishikant Singh in Commonwealth Games
कॉमनवेल्थ गेम्स में ऋषिकांत सिंह ने वेटलिफ्टिंग में दिलाया सिल्वर मेडल (Image- Social Media)
Updated on

Rishikant Singh in Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत को पहला रजत पदक मिल गया। यह उपलब्धि वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए हासिल की। अपने अभियान में उन्होंने कुल 264 किलोग्राम (121 किग्रा स्नैच + 143 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।

स्वर्ण पदक की दौड़ में बने रहने के लिए ऋषिकांत ने क्लीन एंड जर्क में अंतिम प्रयास में 151 किलोग्राम उठाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसका फायदा मलेशिया के अनिक कासदान को मिला, जिन्होंने कुल 273 किलोग्राम (121+152) वजन उठाकर गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। केन्या के जोशुआ मबोया ने 255 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़

रजत पदक जीतते ही सोशल मीडिया पर ऋषिकांत सिंह को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। खेल प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे भारतीय भारोत्तोलन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

कौन हैं ऋषिकांत सिंह?

मणिपुर के इम्फाल वेस्ट के रहने वाले ऋषिकांत सिंह भारतीय सेना के स्पोर्ट्स सिस्टम में प्रशिक्षण लेकर उभरे हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में खुद को भारत के सबसे भरोसेमंद हल्के वजन वर्ग के वेटलिफ्टरों में स्थापित किया है।

2025 में बनाया था राष्ट्रीय रिकॉर्ड

कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 (अहमदाबाद) में ऋषिकांत ने 271 किलोग्राम (120 किग्रा स्नैच + 151 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का कुल वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। इसी प्रतियोगिता में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था।

2022 में किया था कॉमनवेल्थ गेम्स डेब्यू

ऋषिकांत सिंह ने बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग से पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने 60 किलोग्राम वर्ग में खुद को स्थापित किया और मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन के रूप में ग्लास्गो 2026 में उतरते हुए भारत के लिए रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की।

Navbharat Live
navbharatlive.com