राष्ट्रपति मुर्मु ने दिखाई पीबीजी सोल्जरथॉन को हरी झंडी, NCC साइक्लोथॉन और फिट इंडिया अभियान की भी हुई शुरुआत

PBG Soldierathon: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीबीजी सोल्जरथॉन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, दिल्ली में एनसीसी साइक्लोथॉन और फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान की भी शुरुआत हुई।
President Murmu flags off the PBG Soldierthon; NCC Cyclothon and Fit India campaign also launched.
द्रौपदी मुर्मू ने PBG सोल्जरथॉन को झंडी दिखाई। (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Droupadi Murmu Flags Off PBG Soldierathon At Rashtrapati Bhavan: 2 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 'पीबीजी सोल्जरथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक दौड़ का आयोजन प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड (PBG) की 253 वर्षों की गौरवशाली विरासत और कारगिल युद्ध के 27 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया।

इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह भी मौजूद रहे, जो इस पहल के संरक्षक हैं। इसके अलावा कार्यक्रम में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पीबीजी के जवान, एथलीट्स, छात्र और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी शामिल हुए।

सैनिकों के सम्मान का संदेश

'सैनिकों के साथ दौड़ें-सैनिकों के लिए दौड़ें' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस और देशभक्ति को बढ़ावा देना और देश के सैनिकों के साहस, सेवा और बलिदान को सम्मान देना था। सोल्जरथॉन में सैनिकों और आम लोगों ने एक साथ दौड़ लगाई। हाथों में तिरंगा और कार्यक्रम के बैनर लेकर प्रतिभागियों ने सैनिकों के प्रति सम्मान और एकजुटता दिखाई।

राष्ट्रपति ने क्या कहा?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि सोल्जरथॉन आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंध मजबूत करने का एक अच्छा मंच है। उन्होंने कहा कि 'असली नायकों का समर्थन' विषय पर आधारित यह आयोजन सैनिकों के समर्पण और बलिदान को सम्मान देता है और लोगों को उनके साथ खड़े होने के लिए प्रेरित करता है।

NCC साइक्लोथॉन की शुरुआत

इधर, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 को हरी झंडी दिखाई। भारत की आजादी के 79 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस साइक्लोथॉन में 79 एनसीसी कैडेट शामिल हुए। कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज मैरी कॉम भी मौजूद रहीं।

मांडविया और मैरी कॉम का संदेश

मनसुख मांडविया ने कहा कि एनसीसी फिटनेस, अनुशासन और समाज सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और यह साइक्लोथॉन युवाओं को देश के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।

मैरी कॉम ने कहा कि एनसीसी की वर्दी सिर्फ एक पोशाक नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से जीवन में आगे बढ़ने और देश के लिए काम करने की अपील की।

'फिट इंडिया' अभियान की शुरुआत

वहीं, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से 'नशा मुक्त भारत' विषय पर आधारित 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान के 84वें संस्करण की भी शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को फिट रहने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है। खेल मंत्रालय के फिट इंडिया अभियान के तहत हर हफ्ते होने वाले इस कार्यक्रम में सैकड़ों खिलाड़ियों, युवाओं और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com