

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद बधाइयों का तांता लगा हुआ है। हर भारतीय इस उपलब्धि के लिए इंडियन हॉकी टीम को बधाई दे रहा है। इस बीच पीएम मोदी ने पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी! इसके साथ ही पीएम ने हॉकी खिलाड़ियों से बातचीत भी की हैं।
पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एक बार फिर से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। भारतीय टीम के लिए बधाइयों का तांता लगा हुआ है। पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए भारतीय टीम को बधाई दी है।
पीएम ने एक्स पोस्ट में भारतीय हॉकी टीम को बधाई देते हुए लिखा है कि 'यह एक ऐसी एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है।
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में आगे लिखा कि 'उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।
उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय हॉकी टीम को पेरिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी है। सीएम योगी ने भी एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि 'जय हो! पेरिस ओलंपिक-2024 की हॉकी प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतने की हार्दिक बधाई टीम इंडिया! आप हमारे चैंपियन हैं। भारत को आप पर गर्व है।'
भारत ने हॉकी के ब्रॉन्ज मेडल मैच में स्पेन खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए 2-1 से शिकस्त दे दी। 1972 के बाद यह पहला मौका है जब हॉकी टीम ने लगातार दो ओलंपिक्स में पदक जीते हैं। इससे पहले टीम ने 1968 और 1972 में लगातार मेडल्स अपने नाम किए थे।