पाकिस्तान सरकार ने हॉकी के कप्तान अम्माद शकील बट का बैन हटाया, पीएचएफ के अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

Ammad Shakeel Butt: पाकिस्तान सरकार ने कप्तान अम्माद शकील बट पर लगाया गया दो साल का प्रतिबंध रद्द कर दिया। पीएचएफ के पूर्व अध्यक्ष तारिक बुगती का फैसला अवैध और असंवैधानिक माना गया।
Pakistan Government cancels two-year ban on Ammad Shakeel Butt
पाकिस्तान हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Government cancels two-year ban on Ammad Shakeel Butt: पाकिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर लगाया गया दो साल का प्रतिबंध रद्द कर दिया है। सरकार ने इस फैसले को अवैध और असंवैधानिक बताते हुए तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। यह प्रतिबंध पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के तत्कालीन अध्यक्ष तारिक बुगती ने लगाया था।

पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से ठीक पहले बृहस्पतिवार को तारिक बुगती ने हाल में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कुप्रबंधन के खिलाफ कप्तान के पीएचएफ की आलोचना करने के लिए बट पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन पीएचएफ के सरंक्षक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा नियुक्त अंतरिम अध्यक्ष मुहुयदीन अहमद वानी ने इस फैसले को पलट दिया और कहा कि यह बुगती का 'अवैध और अंसंवैधानिक कदम' था।

बुगती ने दिया इस्तीफा

राष्ट्रीय टीम के ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद हुए विवाद के मद्देनजर बुगती ने बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया था। ऑस्ट्रेलिया में टीम को 'लॉजिस्टिक' की दिक्कतों का सामना करना पड़ा था और उन्हें एयरबीएनबी के घरों में रहना पड़ा था जबकि सरकार द्वारा संचालित पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) ने कैनबरा में एफआईएच प्रो लीग मैचों के दौरान टीम के पांच सितारा होटल में रहने के लिए पीएचएफ को एक करोड़ रुपये दिए थे।

खेल से जुड़े सभी मामलों को देखने वाली अंतर-प्रांतीय समन्वयक मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री शरीफ ने तुरंत बुगती का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और वानी को पीएचएफ का तदर्थ अध्यक्ष और ब्रिगेडियर मुसरतुल्लाह को महानिदेशक नियुक्त किया। उन्होंने कहा, ''दोनों तदर्थ आधार पर हॉकी के मामलों को देखेंगे और नुकसान को ठीक करने की कोशिश करेंगे। ''

बुधवार सुबह टीम के घर लौटने के तुरंत बाद बट और कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों ने हवाई अड्डे पर इंतजार कर रही मीडिया से कहा कि वे पीएचएफ के मौजूदा प्रबंधन और टीम प्रबंधन के साथ आगे काम नहीं कर सकते। बट ने बताया कि खिलाड़ियों को किस तरह झूठ बोला गया और ऑस्ट्रेलिया में अपनी समस्या के बारे में मीडिया से बात नहीं करने की धमकी दी गई जिसके बाद बुगती ने पाकिस्तान हॉकी को बदनाम करने के लिए बट को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हॉकी से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com