Commonwealth Games 2026: नीरज चोपड़ा फाइनल में, अब गोल्ड पर रहेगी नजर; भारत के दो और जैवलिन थ्रोअर ने बनाई जगह

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के जैवलिन थ्रो फाइनल में भारत के तीन एथलीट नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने जगह बनाई। 31 जुलाई को खेले जाने वाले मेडल इवेंट में खिलाड़ी नजर आएंगे।
Commonwealth Games 2026: Neeraj Chopra in the final, eyes now set on gold; two more Indian javelin throwers also qualify.
नीरज चोपड़ा (सोर्स-IANS)
Updated on

Neeraj Chopra Javelin Throw: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में भारत के तीन एथलीट्स ने अपनी जगह बना ली है। गुरुवार को मुश्किल हालात के बावजूद भारत के ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने क्वालीफाइंग राउंड ग्रुप-ए में शीर्ष-10 स्थान हासिल किया। अब ये खिलाड़ी 31 जुलाई को खेले जाने वाले मेडल इवेंट में नजर आएंगे।

भारतीय तिकड़ी ने किया शानदार प्रदर्शन

तेज हवाओं ने क्वालिफिकेशन राउंड के दौरान सटीक थ्रो को और मुश्किल बना दिया था, लेकिन भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल इवेंट में टॉप-12 एथलीट्स में अपनी जगह पक्की करने में सफल रही। ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा 79.61 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहे। रोहित यादव 78.37 मीटर के साथ नौवें स्थान पर रहे, जबकि यशवीर सिंह 78.36 मीटर के साथ 10वां स्थान हासिल किया।

दूरी के बजाय क्वालिफिकेशन को प्राथमिकता देते हुए, तीनों भारतीयों ने शुरुआती राउंड को सुरक्षित रूप से पार किया और गेम्स के प्रमुख एथलेटिक्स इवेंट्स में से एक में भारत की मेडल की उम्मीदों को जिंदा रखा।

शांत नजर आए ओलंपिक चैंपियन नीरज

ग्लासगो गेम्स में अपना पहला मुकाबला खेल रहे भारतीय एथलीट नीरज, तेज हवाओं के बावजूद शांत नजर आए। नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के बाद फाइनल में जगह पक्की होने पर अपने तीसरे और अंतिम प्रयास को न करने का फैसला किया। वहीं, रोहित यादव (78.37 मीटर) और यशवीर सिंह (78.36 मीटर) ने भी लगातार अच्छा प्रदर्शन। दोनों के बीच सिर्फ एक सेंटीमीटर का अंतर था।

82.84 मीटर थ्रो के साथ शीर्ष पर रहे श्रीलंका के रुमेश पथिराज

श्रीलंका के रुमेश पथिराज ने 82.84 मीटर के शानदार थ्रो के साथ क्वालिफिकेशन स्टैंडिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया और चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति के अनुसार खुद को सबसे बेहतर ढंग से ढाला। ग्रेनाडा के दो बार के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स 81.29 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि साउथ अफ्रीका के डौव स्मिट 80.64 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

नीरज से पीछे रहे पाकिस्तान के अरशद नदीम

इंग्लैंड के बेन ईस्ट (80.38 मीटर) ने नीरज से आगे रहते हुए चौथा स्थान हासिल किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया के कैमरन मैकिन्टायर (78.91 मीटर), पाकिस्तान के अरशद नदीम (78.63 मीटर), बहामास के कीशॉन स्ट्रैचन (78.60 मीटर), त्रिनिदाद और टोबैगो के केशॉर्न वॉलकॉट (78.26 मीटर) और नाइजीरिया के चिनेचेरेम न्नामदी (75.27 मीटर) भी आगे बढ़े। सिर्फ चार एथलीट ही 80 मीटर का मार्क पार कर पाए। कोई भी 84 मीटर के सीधे क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड तक नहीं पहुंच पाया।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live
navbharatlive.com