

Neeraj Chopra Brussels Diamond League Final: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर बड़ा कमाल किया है। नीरज ने डायमंड लीग फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। सीजन का आखिरी फाइनल 4 और 5 सितंबर को ब्रसेल्स में खेला जाएगा, जहां नीरज एक बार फिर डायमंड ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगे।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने इस सीजन में डायमंड लीग के दो मुकाबलों में हिस्सा लिया। उन्होंने 19 जून को दोहा लेग में 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद 21 अगस्त को लॉजेन लेग में 88.05 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। लॉजेन में किया गया ये उनका सीजन का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा।
नीरज ने 27 अगस्त को ज्यूरिख में हुई डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया। पुरुष जैवलिन थ्रो का मुकाबला वहां कार्यक्रम में शामिल था, लेकिन लॉजेन में हासिल किए गए अंकों के दम पर नीरज ने फाइनल में अपनी जगह बना ली।
डायमंड लीग में हर मुकाबले में पहले से आठवें स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को 8, 7, 6, 5, 4, 3, 2 और 1 अंक मिलते हैं। नीरज चोपड़ा ने इस सीजन में खेले दो मुकाबलों से कुल 12 अंक हासिल किए।
दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहने के कारण उन्हें 5 अंक मिले थे, जबकि लॉजेन डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर रहने के लिए उन्हें 7 अंक मिले। वहीं केन्या के जूलियस येगो ने ज़्यूरिख मीट में 81.66 मीटर के थ्रो के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और कुल 13 अंकों के साथ फाइनल में जगह बनाई।
नीरज चोपड़ा का डायमंड लीग में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने 2022 में डायमंड लीग का खिताब जीता था। इसके बाद वो तीन बार दूसरे स्थान पर भी रहे हैं। अब नीरज की नजर एक बार फिर डायमंड ट्रॉफी पर होगी।
हालांकि, ब्रसेल्स में उन्हें श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे, एंडरसन पीटर्स, केशॉर्न वॉलकॉट और कर्टिस थॉम्पसन जैसे मजबूत खिलाड़ियों से चुनौती मिलेगी। रुमेश इस समय जैवलिन थ्रो की अंक तालिका में सबसे आगे हैं। उन्होंने ज्यूरिख लेग में 92.07 मीटर का शानदार थ्रो किया था।
डायमंड लीग में मई से सितंबर तक कुल 14 मुकाबले होते हैं। इनमें पुरुष और महिला खिलाड़ी 16 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेते हैं। हर मुकाबले में खिलाड़ियों को उनके स्थान के हिसाब से अंक दिए जाते हैं।
सीजन के अंत में सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी डायमंड लीग फाइनल में पहुंचते हैं। अब ब्रसेल्स में नीरज चोपड़ा के सामने एक बार फिर खुद को साबित करने और 2022 के बाद पहली बार डायमंड ट्रॉफी जीतने का मौका होगा।