Commonwealth Games 2026: नीरज चोपड़ा समेत भारतीय पदक विजेताओं को PM मोदी ने दी बधाई, बोले- सिर्फ मेडल नहीं...

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा, तेजस्विन शंकर और अन्य एथलीटों के शानदार प्रदर्शन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई दी और खिलाड़ियो की सराहना की है।
Commonwealth Games 2026: PM Modi congratulated the Indian medal winners including Neeraj Chopra, said- the country...
भारतीय खिलाड़ी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi Praises Indian Medal Winners CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को भारत ने छह पदक अपने नाम किए, जिसके बाद देश के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी जमकर सराहना की है।

नीरज चोपड़ा को दी बधाई

पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, 'पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में शानदार रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन, संयम और जज्बे का परिचय दिया है। उनकी उपलब्धियां हर भारतीय को गर्व महसूस कराती हैं। आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं।'

यशवीर की भी की तारीफ

युवा खिलाड़ी ने 85.41 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस मुकाबले का स्वर्ण पदक श्रीलंका के रुमेश तरंगा पथिरागे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ जीता। यशवीर सिंह की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर यशवीर सिंह को बधाई। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जो उनके समर्पण और मेहनत को दर्शाता है। उनकी ये सफलता देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।'

यामिनी मौर्य को भी दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने जूडो में 57 किलोग्राम वर्ग का रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य को भी बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'यामिनी मौर्य ने शानदार खेल दिखाते हुए जूडो में रजत पदक जीता। उनका प्रदर्शन इस खेल के प्रति उनके जुनून को दिखाता है। उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में कई युवाओं को जूडो की ओर आकर्षित करेगी।'

साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने स्टार जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे को भी ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने अस्मिता के इस शानदार और प्रेरणादायक जीत की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की है।

तेजस्विन शंकर का भी बढ़ाया हौसला

इसके अलावा पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाले तेजस्विन शंकर की भी प्रधानमंत्री ने जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, 'भारतीय खिलाड़ी लगातार इतिहास रच रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। तेजस्विन शंकर ने पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता है। उन्हें बहुत-बहुत बधाई। मेरी शुभकामनाएं हैं कि वो आगे भी इसी तरह देश का गौरव बढ़ाते रहें।'

भारतीय एथलीटों का दमदार प्रदर्शन जारी

ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों ने अब तक शानदार खेल दिखाते हुए कुल 23 मेडल अपने नाम कर लिए हैं। इनमें 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं, जिसकी बदौलत भारत मेडल रैंकिंग में 10वें स्थान पर बना हुआ है।

भारत के लिए सबसे बड़ी कामयाबी जूडो खेल में आई, जहां अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इतिहास में पहली बार देश को दो गोल्ड मेडल दिलाए। राहत की बात ये है कि भारत के 10 बॉक्सर अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में भारत के पदकों की गिनती और तेजी से बढ़ने वाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com