

Highlights:
मोहन बागान ने कोलकाता डर्बी में ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराया।
जेमी मैकलारेन ने मैच के 67वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
लगातार छठी जीत के साथ मोहन बागान अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
Derby Match Today: मोहन बागान सुपर जाइंट ने कोलकाता डर्बी में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल एफसी को 1-0 से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा। रविवार को इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 के 37वें मुकाबले में जेमी मैकलारेन ने 67वें मिनट में मैच का एकमात्र गोल दागा।
इस जीत के साथ मोहन बागान ने लगातार छठी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं, ईस्ट बंगाल को इस सीजन एक और निराशा हाथ लगी और ISL में मोहन बागान के खिलाफ पहली जीत का उसका इंतजार बढ़ गया।
कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए मुकाबले का पहला गोल मैच के 67वें मिनट में आया। मेहताब सिंह ने दाएं फ्लैंक से क्रॉस दिया, जो उछलकर लिस्टन कोलाको तक पहुंचा। कोलाको ने हेडर के जरिए गेंद जेमी मैकलारेन की ओर बढ़ाई।
ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को ईस्ट बंगाल के गोलकीपर फुरबा लाचेनपा के पास से गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। ईस्ट बंगाल के खिलाड़ियों ने ऑफसाइड की अपील की, लेकिन गोल को मान्य करार दिया गया। इस गोल ने मोहन बागान को मुकाबले में निर्णायक बढ़त दिला दी।
इस जीत के बाद मोहन बागान सुपर जाइंट अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है। टीम अब दूसरे नंबर पर मौजूद क्लब से पांच अंक आगे है। दूसरी ओर, ईस्ट बंगाल पांच मैचों में सात अंक के साथ नौवें स्थान पर बना हुआ है।
टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत के साथ मोहन बागान ने खिताबी दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं, ईस्ट बंगाल के लिए इस हार ने अंक तालिका में आगे बढ़ने की चुनौती बढ़ा दी है।
हांलाकि, फुटबाल मुकाबले के शुरुआती 45 मिनट में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, ईस्ट बंगाल ने गोल करने के ज्यादा मौके बनाए। मोहन बागान के सुभाशीष बोस ने बाएं विंग से शानदार लो-क्रॉस दिया, जिस पर अनिरुद्ध थापा के पास टीम को बढ़त दिलाने का मौका था। लेकिन उनका शॉट लक्ष्य से चूक गया।
पहले हाफ में यह मोहन बागान का सबसे अच्छा मौका रहा। दूसरी ओर, ईस्ट बंगाल ने भी लगातार हमले किए और कई बार विपक्षी डिफेंस को परेशानी में डाला।
जबकि, मैच के 36वें मिनट में ईस्ट बंगाल को बढ़त बनाने का शानदार अवसर मिला। राहुल भेके की गलत क्लीयरेंस के बाद गेंद बाईं ओर जय गुप्ता के पास पहुंच गई। उस समय मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ अपनी जगह से आगे आ चुके थे, लेकिन गुप्ता का शॉट गोलपोस्ट को छूते हुए बाहर निकल गया।
इसके कुछ ही देर बाद जय गुप्ता ने एक और लो-क्रॉस दिया। इस बार अल्बर्टो रोड्रिगेज ने समय रहते स्लाइड करते हुए गेंद को रोक लिया और ईस्ट बंगाल का संभावित गोल टल गया।
बता दें कि दूसरे हाफ में लगभग एक घंटे तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद मोहन बागान ने आक्रमण को मजबूत करने के लिए बदलाव किए। मैदान पर आने के कुछ ही मिनटों के भीतर लिस्टन कोलाको ने मैकलारेन के गोल में अहम भूमिका निभाई।
जबकि, कोलाको की घुमावदार फ्री-किक पर ईस्ट बंगाल के गोलकीपर लाचेनपा ने मुश्किल से गेंद को रोका। उन्होंने तुरंत संभलते हुए लालियांजुआला छांगटे के रिबाउंड शॉट को भी बचा लिया। हालांकि, कुछ ही देर बाद मैकलारेन के गोल ने ईस्ट बंगाल की क्लीन शीट तोड़ दी। इस तरह से कोलकाता डर्बी में मोहन बागान ने 1-0 से जीत दर्ज की और लगातार छठी बार जीत का जश्न मनाया।